त्रिस्तरीय चुनाव: मतपेटिका तय कर रहा प्रत्याशियों का भाग्य, आने लगा रिजल्ट, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम..

त्रिस्तरीय चुनाव: मतपेटिका तय कर रहा प्रत्याशियों का भाग्य, आने लगा रिजल्ट, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम..

वाराणसी,भदैनी मिरर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतगणना रविवार को सुबह 8 बजे से गहमागहमी और कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई तो दोपहर बाद रिजल्ट भी आने लगे। जिला पंचायत सदस्य के लिए 554, बीडीसी के लिए 4509 और प्रधान के लिए 4321 प्रत्याशियों समेत कुल 10749 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होने लगा है। आठ ब्लाकों के आठ स्थानों पर गिनती एक साथ शुरू हुई। 


कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए मतपेटियों को सैनिटाइज करने के बाद खोला गया। एजेंटों को दिखाने के बाद मतपेटी खोली गई। एक टेबल पर एक पर्यवेक्षक एवं चार मतगणना सहायक की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा का जायजा लेने के लिए पुलिस अधिकारी दिनभर मौके पर मौजूद रहेंगे। 


सुरक्षा के मद्देनजर 8 मतगणना स्थलों पर दो एडिशनल एसपी के नेतृत्व में 8 डिप्टी एसपी,16 स्पेक्टर, 116 सब इंस्पेक्टर, 413 हेड कांस्टेबल, 1233 कॉन्स्टेबल, 118 महिला कांस्टेबल, 600 होमगार्ड और दो प्लाटून पीएसी तैनात की गई है। 


दोपहर बाद कई सीटों पर रिजल्ट आना शुरू हो गया है। पिंडरा ब्लॉक के करेमुवा ग्राम सभा का परिणाम आया। एससी सीट पर करेमुवा के अनिल कुमार ने अमित कुमार को 79 वोटों से हराया। इसके बाद चिउरापुर से विपिन सिंह, औराव से अनिल चौबे व उदपुर से जयप्रकाश सिंह उर्फ जेपी ने जीत हासिल की। कर्मी गांव की रेखा देवी ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 3 मतों से हराकर जीत हासिल की। कर्मी के बीडीसी प्रत्याशी प्रियंका ने 2 वोटों से जीत हासिल की।

पिंडरा में सुबह से मतदान केंद्रों पर भारी भीड़ दिखी। केवल पिंडरा में ही 3500 पास बनाए गए हैं। अन्य ब्लॉकों में भी सैकड़ों की संख्या में पोलिंग एजेंटों के पास बने हैं। हिंदी वर्णमाला के अनुसार न्याय पंचायत के गांवों के वोटों की गिनती होगी।


सेवापुरी विकास खण्ड में कपसेठी स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में मतगणना के लिए 9 कक्ष में कुल 60 टेबल बनाये गए हैं। सेवापुरी में कुल 12 न्याय पंचायत हैं। मतगणना स्थल पर  राजातालाब के तहसीलदार योगेंद्र शरण शाह व नायाब तहसीलदार नीरज कुमार ने निरीक्षण किया। ब्लॉक निर्वाचन अधिकारी प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी। 

पिंडरा विकास खण्ड के इन्दरपुर ग्राम पंचायत से ममता यादव निर्विरोध ग्राम प्रधान चुनी गई हैं। वह विजेंद्र उर्फ पप्पू यादव की पत्नी हैं, जो ग्राम प्रधान प्रत्याशी थे और उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव स्थगित कर दिया था। नौ मई को इस गांव में चुनाव होना था। आरओ देवब्रत यादव ने बताया कि शनिवार को नाम वापसी के दौरान अन्य सभी आठ प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया। जिसके बाद ममता यादव को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। शुक्रवार को प्रधान पद के लिए एक भी नामंकन नहीं हुआ था।