ओपी राजभर का फिर विवादित बयान : जय श्रीराम के नारे से लेकर पीएम तक साधा निशाना, संकल्प भागीदारी मोर्चा को बताया किंग मेकर

ओपी राजभर का फिर विवादित बयान : जय श्रीराम के नारे से लेकर पीएम तक साधा निशाना, संकल्प भागीदारी मोर्चा को बताया किंग मेकर

वाराणसी,भदैनी मिरर। अपने विवादित बयानों के लिए चर्चा में रहने वाले प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और भागीदारी संकल्प मोर्चा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने इस बार जय श्रीराम के नारे को ही लेकर विवादित बयान दे डाला। दरअसल शनिवार को वाराणसी पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री और भागीदारी संकल्प मोर्चा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सर्किट हॉउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने भाजपा द्वारा जय श्रीराम का नारा लगाए जाने के सवाल पर तंज कसते हुए कहा कि ये लोग नारा लगाते हैं 'जय श्रीराम, संझा के 200 ग्राम।' इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दाढ़ी के ऊपर भी उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कोरोना के धीरे होने पर सबकी दाढ़ी कट गयी लेकिन प्रधानमंत्री जी की ही नहीं कटी है शायद उन्हें नाऊ नहीं मिल रहा है। 

उन्होंने हाल ही में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से मुलकात के सम्बन्ध में कहा कि उनसे मुलाक़ात दिल से  और शिष्टाचारवश की थी। उन्होंने कहा कि 2022 के चुनाव से इससे कोई लेना देना नहीं। इस चुनाव में भागीदारी संकल्प मोर्चा उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बेदखल करने के लिए चुनाव लड़ेगी। इस मुलाकात का हमारे वोटरों पर कोई असर नहीं होगा। वो तलवार लेकर खड़े तैयार हैं। 

वहीं स्वतंत्रदेव सिंह से मुलाकात के बाद भागीदारी संकल्प मोर्चा के सदस्य ओवैसी द्वारा ओमप्रकाश राजभर को धमकी की बातों का खंडन करते हुए उन्होंने कहा कि हमसे बड़ा गुंडा देश में कौन है जो धमकी देगा। हम स्वतंत्र सच के हैं जिन्हे भाजपा को हराना है वो हमारे साथ आ सकते हैं चाहे कांग्रेस हो या कोई और पार्टी । उन्होंने कहा कि हमारा मोर्चा किंग मेकर भी हो सकता है और किंग भी हो सकता है।   

कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव आते साथ कहती है कि हिन्दू खतरे में हैं।  मुस्लिम भाइयों को जेड प्लस की सुरक्षा लगी है। सिख को, ईसाई को किसी को खतरे में नहीं देखा। अब तो दिल्ली से प्रदेश तक डबल इंजन की सरकार है दे दीजिये सब को सुरक्षा। उन्होंने कहा कि खाता न बही भाजपा जउन कहे वही सही।

वहीं पिछले दिनों वाराणसी दौरे पर आये डिप्टी सीएम केशव मौर्या द्वारा ओमप्रकाश राजभर के लिए दिए गए बयान के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिस गोल का जो बजनिया होता है उसी गोल का वो बाजा बजाता है। दुनिया में यदि झूठ बोलने वाली सबसे बड़ी पार्टी कोई है तो वह भारतीय जनता पार्टी है। उन्हें झूठ बोलने की ट्रेनिंग नागपुर में दी जाती है। वहीं से निकले हुए हमारे भइया केशव मौर्या जी हैं। केशव जी लोडर हैं लीडर नहीं। जो मालिक कहता है वो करते हैं। 

उन्होंने कहा कि केशव प्रसाद मौर्या से सवाल पूछिए कि पूरे प्रदेश में कुपोषण, महंगाई, बेरोगार, भ्रष्टाचार में प्रदेश एक नंबर पर क्यों आया। डिप्टी सीएम हैं इनकी भी तो ज़िम्मेदारी है। बाढ़ पर बोलते हुए कहा कि भोलेनाथ का दर्शन करने पर भोलेनाथ की नगरी अब डूब रही है। उन्हें पिछले बार डूबे क्षेत्रों को चिह्नित कर समस्या के समाधान के लिए सोचना चाहिए था। खाली दिल्ली से लखनऊ एक किये हुए हैं वोट के चक्कर में। ये विपक्ष को दोष देते हैं पर राजा कार्य करेगा कि प्रजा करेगी।