11 दिसंबर से प्रयागराज से शुरु होगी प्रादेशिक पदयात्रा, काशी में 22 दिसम्बर को होगा समापन...

कांग्रेस द्वारा आगामी 11 दिसंबर से भारत जोड़ो प्रादेशिक पदयात्रा की शुरुआत प्रयागराज से की जाएगी। इसकी जानकारी कांग्रेस के प्रदेश प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय ने दी।

11 दिसंबर से प्रयागराज से शुरु होगी प्रादेशिक पदयात्रा, काशी में 22 दिसम्बर को होगा समापन...

वाराणसी, भदैनी मिरर।। कांग्रेस द्वारा आगामी 11 दिसंबर से भारत जोड़ो प्रादेशिक पदयात्रा की शुरुआत प्रयागराज से की जाएगी। इसकी जानकारी कांग्रेस के प्रदेश प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को देते हुए बताया की हम सभी कांग्रेसी संगम में स्नान करने के बाद वहां मनोकामेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक करेंगे। इसके बाद हम सभी प्रयागराज के धार्मिक व ऐतिहासिक मार्ग से आगे बढ़ेंगे और उस रात वहीं ठहरेंगे।  तकरीबन 12 जिलों का भ्रमण कर 22 दिसंबर को यात्रा को काशी में समाप्त की जाएगी। उस दिन कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी काशी में मौजूद रहेंगे। यात्रा में बुद्धिजीवी वर्ग के तकरीबन 200 लोग ऐसे रहेंगे जो 11 दिन तक लगातार हमारे साथ चलेंगे। इसके अलावा रोजाना प्रत्येक जिलों के कांग्रेस कार्यकर्ता यात्रा में जुड़ेंगे।  

चुनाव के लिए नही भाईचारे के लिए है यात्रा

वहीं पत्रकारों द्वारा किये गए  सवाल कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का असर दिल्ली के नगर निगम चुनाव में देखने को क्यों नहीं मिला...? इस पर अजय राय ने कहा कि यह छोटा चुनाव है भाई... यात्रा चुनाव के लिए नहीं है। यात्रा देश में भाईचारा बढ़ाने के लिए है। राहुल गांधी यात्रा इसलिए कर रहे हैं ताकि देश के लोग पहले के जैसे ही मिल-जुल कर रहें।

जनता का बढ़ा है विश्वास

उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि दिल्ली के MCD इलेक्शन में मौजूदा सरकार का परमफार्मेंस देखें। यह देखें कि वह लोग वहां कहां खड़े हैं जो वहां हावी थे और जिनकी वहां सत्ता थी। वहां तो कांग्रेस फिर भी ग्रोथ कर रही है। कांग्रेस के लोग देश भर में लगातार संघर्ष कर रहे हैं। इसका नतीजा यह है कि कांग्रेस के प्रति लगातार लोगों का विश्वास बढ़ रहा है। कांग्रेस के लोग देश में भाईचारा और एक-दूसरे के प्रति विश्वास बढ़ाने का काम कर रहे हैं। अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी आज पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरो रहे हैं। कांग्रेस कभी किसी चुनाव को लक्ष्य बना कर प्रचार-प्रसार नहीं करती है।

कांग्रेस के लिए यह देश और यहां के लोग के बीच का आपसी प्रेम महत्वपूर्ण है। हम जनता के सुख-दुख में सदैव साथ खड़े रहने वाले लोग हैं। जनता को जहां कहीं भी किसी प्रकार की समस्या होगी, हम उनकी आवाज बन कर सड़क पर दिखाई देंगे।