गरीब पेट भरने के लिए तरस रहे अन्न को, बीजेपी अन्न महोत्सव मनाकर कर रही ड्रामा - गौरव कपूर

गरीब पेट भरने के लिए तरस रहे अन्न को, बीजेपी अन्न महोत्सव मनाकर कर रही ड्रामा - गौरव कपूर

वाराणसी, भदैनी मिरर। बढ़ती महंगाई के बीच केंद्र सरकार द्वारा आयोजित अन्न वितरण कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस के युवा नेता गौरव कपूर ने अपना बयान जारी करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद गरीब गरीबी रेखा से ऊपर न उठकर और नीचे चले गए। नौबत यह है कि गरीब पेट भरने के लिए अन्न को तरस रहे हैं। अब भाजपा गरीबों के लिए अन्न महोत्सव मना कर ड्रामा कर रही है। 

उन्होंने केंद्र और प्रदेश की बीजेपी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि केंद्र में सात वर्षों से मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश में चार साल से योगी की डबल इंजनवाली भाजपा सरकार है। पूरे देश में गुजरात मॉडल का ढिंढोरा पिटा जा रहा है। क्या यही गुजरात मॉडल है कि गरीब और गरीब हो गए जो खाने को तरस रहे हैं। अब भाजपा गरीबों को अन्न बांट रही है और उसे महोत्सव के रूप में मना रही है। यह शर्म की बात है कि भाजपा सरकार गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर न उठाकर अब अन्न बांटना उसके लिए महोत्सव जैसा हो गया है।

उन्होंने मनमोहन सरकार की याद दिलाते हुए बताया कि कांग्रेस की सरकार ने देश के 15 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर पहुंचाया था। उन्होंने कहा कि भापजा सरकार ने गरीबों को और गरीब बना दिया। आज भाजपा को 15 करोड़ लोगों को अन्न बांटने की जरूरत पड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में चुनाव नजदीक आने पर लोगों को लुभाने के लिए झोला और भाषण का कार्यक्रम चला रही है।