टीका उत्सव: तैयारी के लिए जिलाधिकारियों को निर्देश, जनप्रतिनिधियों और धर्मगुरुओं से बात करेंगी Governer आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ...

टीका उत्सव: तैयारी के लिए जिलाधिकारियों को निर्देश, जनप्रतिनिधियों और धर्मगुरुओं से बात करेंगी Governer आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ...


लखनऊ,भदैनी मिरर। महात्मा ज्योतिबा गोविंदराव फूले की जयंती 11 अप्रैल से लेकर बाबा डॉ. साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल तक कोरोना महामारी को मात देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर पूरे उत्तर प्रदेश में टीका उत्सव का कार्यक्रम होगा। इसकी व्यापक तैयारी करने की जिम्मेदारी प्रदेश के जिलाधिकारियों को दी गई है। जिनमें ट्रैकिंग, ट्रेसिंग एवं ट्रीटमेन्ट के विभिन्न पहलू को सम्मिलित किया जाएगा। यह जानकारी मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने दी है।


 मुख्य सचिव ने बताया कि 11 से 14 अप्रैल तक विशेष टीका उत्सव के रूप में मनाये जाने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान समाज के विभिन्न वर्गों से समन्वय स्थापित करके प्रदेश के आम नागरिकों को अधिक से अधिक टीकाकरण हेतु प्रेरित करने का अभियान चलाया जायेगा। प्रदेश के समस्त जिलाधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि इस विशेष टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक है कि समाज के विभिन्न वर्गों को टीकाकरण में सम्मिलित होने हेतु प्रोत्साहित किया जाये तथा उनका सहयोग लिया जाये। इस अभियान में यह विशेष प्रयास किया जाये कि प्रदेश के सम्मानित जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरूओं तथा प्रबुद्ध नागरिकों इत्यादि को इसमें सम्मिलित किया जाये। यह निर्णय लिया गया है कि राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के विभिन्न नगरीय संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों के साथ दिनांक 12 अप्रैल को वेब वार्ता का आयोजन किया जायेगा और  13 अप्रैल को प्रदेश के विभिन्न धर्मगुरूओं के साथ वेब वार्ता का आयोजन किया जायेगा। 


वेब वार्ताओं के आयोजन की सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रदेश के सम्बन्धित जनपद के जिलाधिकारी की रहेगी। उन्होंने जिलाधिकारियों को यह भी निर्देश दिये हैं कि 12 अप्रैल शाम 5 बजे प्रत्येक जनपद स्तर पर एन.आई.सी. के मुख्य केन्द्र पर जनपद के सभी नगर निगम एवं नगर पालिकाओं के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों को आमंत्रित किया जाये। सभी नगरीय निकायों के पार्षदों को नगरीय निकायों के आयुक्त अथवा अधिशासी अधिकारी द्वारा विशेष व्यवस्था कराकर कोविड के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए एक बड़े हाल में बैठाया जायेगा तथा बड़ी स्क्रीन लगाकर कार्यक्रम में भागीदारी करायी जायेगी। इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कुछ जनप्रतिनिधियों से वार्ता कर संबोधन किया जाएगा। श्री तिवारी ने बताया कि 13 अप्रैल सायं 5 बजे समस्त जनपदों में सम्बन्धित जिलाधिकारियों द्वारा शहर के प्रमुख विभिन्न धर्मगुरूओं जिनकी संख्या 6 से 10 तक हो सकती है को एन.आई.सी. के माध्यम से कान्फ्रेन्स रूम में आमंत्रित किया जायेगा। जिनसे राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कुछ धर्मगुरूओं से वार्ता कर सम्बोधन किया जायेगा।