BHU में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किया राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ, बोले- युद्ध में फंसे भारतीय बच्चों को सकुशल स्वदेश लाया गया...

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में शामिल होने पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद.

BHU में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किया राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ, बोले- युद्ध में फंसे भारतीय बच्चों को सकुशल स्वदेश लाया गया...

वाराणसी, भदैनी मिरर। विश्व शक्ति व विश्व गुरु की कल्पना इस आधार पर करना कि विश्व की कोई वर्ल्ड गवर्मेंट बनेगी, इसकी राजधानी भारत होगी और यहां के राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री दुनिया के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री बन जाएंगे, यह बेमानी होगा। जो होने वाला है उसको ही वर्ल्ड पावर मानना पड़ेगा। भारत इस समय दुनियां की पांचवीं आर्थिक शक्ति है। अगले दो या तीन वर्षों में तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगा।  उक्त बातें काशी हिंदू विश्वविद्यालय के अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में शामिल होने पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बतौर मुख्यातिथि कही। इससे पहले उन्होंने मां सरस्वती व महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलन कर दो दिवसीय संगोष्ठी का शुभारंभ किया। उन्होंने शैक्षिक जगत में सक्षम उच्च शिक्षा में उभरती चुनौतियां विषय पर अपने विचार रखे। 

रूस यूक्रेन युद्ध मे फंसे भारतीय बच्चो को लाया सकुशल

उन्होंने कहा कि यह कम ही हुआ होगा कि दो देश युद्ध कर रहे हों और उन्हें कहा जाए कि 24 घंटे के लिए सीजफायर कर दीजिए। हमारे 23 हजार बच्चे रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान यूक्रेन में फंसे थे। उसी 24 घंटे के दौरान हमारे देश के बच्चे अपने हाथों में तिरंगा लेकर यूक्रेन की सीमा पर स्थित चार देशों तक पहुंचे। वहां भारतीय दूतावास के अधिकारी मौजूद थे। बच्चों को सकुशल वापस घर लाया गया। जबकि अमेरिका व चीन जैसी महाशक्तियों ने अपने देश के युवाओं को खुद के प्रयास से वापस आने के लिए कह दिया था। 

3 दिवसीय दौरे पर हैं पूर्व राष्ट्रपति 

बता दे की पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 3 दिवसीय दौरे पर गुरुवार को काशी आये हैं। आज वह मिर्जापुर में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद काशी हिंदू विश्वविद्यालय पहुंचे। शनिवार को वह वापस दिल्ली के लिए रवाना होंगे।