शिवपुर विस चुनाव होगा रोचक! आमने-सामने चुनावी मैदान में आ सकते है अनिल राजभर और OP राजभर...

Shivpur Vis Election will be interesting! Anil Rajbhar and OP Rajbhar may come face to face in the electoral fray.

शिवपुर विस चुनाव होगा रोचक! आमने-सामने चुनावी मैदान में आ सकते है अनिल राजभर और OP राजभर...

वाराणसी,भदैनी मिरर। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और वर्तमान कैबिनेट मंत्री और शिवपुर विधानसभा के विधायक अनिल राजभर का चुनावी मैदान में आमना-सामना हो सकता है। पिछले कुछ दिनों से दोनों नेता एक दूसरे को लेकर शब्दबाण छोड़ते रहे है। कई मुद्दों पर दोनों नेताओं का आरोप-प्रत्यारोप काफी चर्चा का विषय बना रहा है। इस बात का इशारा सुभासपा प्रदेश प्रवक्ता शशि प्रताप सिंह ने यह कहकर दी कि जनता चाहती है कि ओमप्रकाश राजभर शिवपुर विस से चुनाव लड़े। 


पूर्वांचल में लगातार बनी हुई है सक्रियता

बलिया जिले के रसड़ा विकास खंड के रामपुर गांव के मूल निवासी ओम प्रकाश राजभर 2017 के विधानसभा चुनाव में गाजीपुर जिले की जहूराबाद विधानसभा से विधायक चुने गए थे। भाजपा सरकार में वह कैबिनेट मंत्री भी बने, लेकिन बाद में उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। पूर्वांचल में सुभासपा अध्यक्ष की सक्रियता लगातार बनी रहती है। ओमप्रकाश राजभर अपने बयानों को लेकर लगातार सुर्खियों में बने रहते है। उनका बिना रुके लगातार पिछड़ी  जातियों के नाम लेने का वीडियो खूब वायरल हुआ था। भाजपा सरकार से इस्तीफा देने के बाद ओमप्रकाश राजभर राज्य की योगी और केंद्र की मोदी सरकार पर लगातार हमलावर है।

सुभासपा का सपा से है गठबंधन 

यूपी में भाजपा को रोकने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने क्षेत्रीय पार्टियों के साथ गठबंधन किया है। सुभासपा भी सपा के साथ गठबंधन करके चुनावी मैदान में उतरने जा रही है। सुभासपा के प्रदेश प्रवक्ता शशिप्रताप सिंह ने बताया कि समाजवादी पार्टी से गठबंधन के तहत वाराणसी में सुभासपा को 2 सीट मिलना लगभग तय है। इसमें से एक अजगरा विधानसभा और दूसरी शिवपुर विधानसभा है। शशि प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा के झूठ और महंगाई से जनता त्रस्त हो गई है। इसलिए इस बार सपा और सुभासपा गठबंधन की सरकार बनना तय है। समाज के सभी वर्ग के लोगों का समर्थन सुभासपा और सपा अध्यक्ष को मिल रहा है। बताया कि सुभासपा और सपा गठबंधन के प्रत्याशियों की घोषणा जल्द ही होगी।