योगी सरकार बनवाएगी संत रविदास जन्मस्थली पर म्यूजियम, 24 करोड़ की लागत से होगा निर्माण...

संत शिरोमणि गुरु रविदास की जमस्थली पर अब योगी सरकार उनके जीवन और विचारों से जुड़ा एक भव्य और आधुनिक म्यूज़ियम बनवाने जा रही है।

योगी सरकार बनवाएगी संत रविदास जन्मस्थली पर म्यूजियम, 24 करोड़ की लागत से होगा निर्माण...

वाराणसी, भदैनी मिरर। संत शिरोमणि गुरु रविदास की जमस्थली पर अब योगी सरकार उनके जीवन और विचारों से जुड़ा एक भव्य और आधुनिक म्यूज़ियम बनवाने जा रही है। लगभग 4 हज़ार वर्ग मीटर में बनने वाले म्यूज़ियम की लागत 24 करोड़ है। भारत के पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलावा कनाडा, जर्मनी समेत पूरी दुनियां में संत शिरोमणि के अनुयायी करोड़ों की संख्या में हैं, जो प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में वाराणसी स्थित उनकी जन्मस्थली पर मत्था टेकने आते हैं। इतना ही नही  खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यहां शीश नवाने पहुंच चुके हैं। इसके अलावा हर साल संत रविदास जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचते हैं।


15वीं सदी में वापस ले जाएगा यह संग्रहालय

इस संग्रहालय के जरिए संत शिरोमणि की आध्यात्मिक विरासत को संजोया जाएगा। ये संग्रहालय आपको 15वीं-16 सदी में वापस ले जाएगा। उत्तर प्रदेश संग्रहालय निदेशालय के निदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धन में उनके जीवन और दर्शन पर आधारित संग्रहालय में 5 बडी गैलरी होंगी। संत रविदास जी की विरासत उनका जीवन, शिक्षाएं और रचनाओं को सजीव चित्रण करने वाला संग्रहालय उनके सम्पूर्ण जीवन और दर्शन के बारे में बताएगा।   


स्वीकृति मिलते ही शुरू हो जाएगा काम

संग्रहालय निदेशालय के निदेशक ने बताया कि अधिकारी ने बताया कि शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। जल्द ही इसकी स्वीकृति मिलने की उम्मीद है, इसके बाद संग्रहालय निर्माण का काम शुरू होगा। डिजिटल चित्र और चलचित्र के माध्यम से संत रविदास के जन्म, जीवन और आध्यात्मिक संदेश के अलावा उनके गृहस्थ जीवन की जानकारी भी उपलब्ध होगी। यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ये संग्रहालय काफी इंटरेक्टिव होगा, जिसमे संत शिरोमणि रविदास के जीवन के बहुत से अनछुए पहलुओं की जानकारी भी शामिल होगी। 


रैदास के उपदेशों की होगी विशेष गैलरी

अधिकारी ने बताया कि संग्रहालय में भक्ति आंदोलन के उनके योगदान के बारे में जानकारी संजोई जाएंगी। रैदास द्वारा दी गई शिक्षा, उपदेश और रचना के बारे में गैलरी में विशेष स्थान दिया गया है, जिससे आने वाली पीढ़ी भी उनके विचारों को जान सके। ग्राफ़िक्स व ऑडियो वीडियो के माध्यम से उनके साहित्यिक संकलन को दर्शाया जाएगा।  उन्होंने बताया कि लैंडस्केपिंग के माध्यम से संग्रहालय को और खूबसूरत बनाया जाएगा, प्रशासनिक भवन, जन सुविधा के इस्तेमाल की चीजें। कैफिटेरिया, सोविनियर शॉप, श्रद्धालुओं के बैठने आदि के लिए उपयुक्त स्थान भी यहां होगा।