फूलन देवी को UP में घर-घर पहुंचाएंगे: बोले VIP के अध्यक्ष और बिहार के मंत्री मुकेश साहनी जरूरत पड़ी तो 403 सीटों पर लड़ेंगे...

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) विधानसभा चुनाव ( assembly elections) के पहले पिछड़े और वंचित लोगों की अब याद सभी राजनैतिक पार्टियों को आने लगी है। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ने वाराणसी (Varanasi) में फूलन देवी को अपने आस्था का केंद्र बताया।

फूलन देवी को UP में घर-घर पहुंचाएंगे: बोले VIP के अध्यक्ष और बिहार के मंत्री मुकेश साहनी जरूरत पड़ी तो 403 सीटों पर लड़ेंगे...
वाराणसी के सूजाबाद (पड़ाव) में आरक्षण जनचेतना रैली में मुकेश साहनी और पार्टी कार्यकर्ता।

वाराणसी,भदैनी मिरर। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) विधानसभा चुनाव से पहले अन्य राज्यों की क्षेत्रीय पार्टियां भी अपनी किस्मत आजमाने के लिए चुनावी समर में उतरने की तैयारी में है। बिहार में राजग की सहयोगी विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक अध्यक्ष और बिहार के मंत्री मुकेश साहनी ने गुरुवार को वाराणसी (Varanasi) के सूजाबाद (पड़ाव) में चुनावी हुंकार भरी। आरक्षण जनचेतना रैली में उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने पूर्व सांसद फूलन देवी की 18 प्रतिमाएं उत्तर प्रदेश में नहीं लगने दी थी। अब फूलन देवी की 50 हजार प्रतिमाएं उत्तर प्रदेश में लगने के लिए बनकर तैयार हैं। उन्हें घर-घर में लगवाने के लिए निषाद, बिंद, लोधी और कश्यप समाज के पास भिजवाएंगे। 5 लाख लॉकेट और 10 लाख कैलेंडर बंटवाएंगे। कोई राम को मानता है और कोई रहीम को मानता है, हम फूलन देवी को मानते हैं। हमारी आस्था फूलन देवी में है। वही हमारी आदर्श हैं। हम फूलन देवी को उत्तर प्रदेश के घर-घर पहुंचाएंगे।

निषाद समाज को जोड़ने और जगाने का काम किया

मुकेश साहनी ने कहा कि हमने 2014 में निषाद आरक्षण आंदोलन के लिए निषाद विकास संघ का गठन कर बिहार में निषाद समाज को जोड़ने और जगाने का काम शुरू किया। उत्तर प्रदेश के निषाद समाज को जगाने के लिए 2016 में पूरे प्रदेश में निषाद क्रांति रथ चौ. लौटनराम निषाद के नेतृत्व में घुमवाया। निषाद राज की जयंती पर 11 अप्रैल 2016 को श्रृंगवेरपुर (प्रयागराज) में महाराज गुहराज निषाद जी की 25 फीट ऊंची प्रतिमा लगवाया। विगत 25 जुलाई को उत्तर प्रदेश के 18 जिलों में वीरांगना फूलन देवी जी की 18-18 फीट ऊंची प्रतिमा उनकी 20वीं पुण्यतिथि लगवाने के लिए भेजा। जिसे उत्तर प्रदेश सरकार के मुखिया के इशारे पर प्रशासन ने लगाने से रोक दिया और प्रतिमाओं को अपने कब्जे में ले लिया।

आरक्षण के मुद्दे पर ही होगा BJP से गठबंधन

वीआईपी संस्थापक मुकेश साहनी ने रैली को कहा कि निषाद जातियों को अनुसूचित जाति का आरक्षण, अधिकार दिलाना व जातिगत जनगणना कराना हमारी पार्टी का मुख्य उद्देश्य है। आरक्षण नहीं तो मिशन 2022 में भाजपा को समर्थन व उससे गठबंधन नहीं होगा। भाजपा ने आरक्षण की विसंगति को दूर कर या क्षेत्रीयता समाप्त कर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखण्ड के निषाद-मल्लाह, केवट, बिन्द, धीमर, कश्यप, कहार,गोड़िया, तुराहा,मांझी, रैकवार, राजभर और नोनिया को अनुसूचित जाति का आरक्षण चुनाव से पूर्व देने का राजपत्र व शासनादेश जारी कर दिया तो बिना सीट की मांग के भाजपा को सहयोग व समर्थन दिया जाएगा। आरक्षण नहीं तो गठबंधन नहीं, यही वीआईपी का नारा है। अब वादा नहीं आरक्षण अधिकार का राजपत्र व शासनादेश चाहिए। मुकेश साहनी ने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली का मल्लाह (केवट, मांझी, धीमर, धीवर, कहार, तुरहा, कश्यप, झीवर, झीमर), पश्चिम बंगाल का मल्लाह, केवट, बिन्द, चाईं, तियर, कैवर्ता आदि व उड़ीसा के मांझी, डेवर, धीवर, धीबरा, जलकेउट, कैवर्ता आदि अनुसूचित जाति में हैं। यही नहीं उत्तर प्रदेश में मझवार, तुरैहा, गोंड़, खैरहा, खोरोट, बेलदार, पनिका आदि अनुसूचित जाति में हैं। इन्ही की पर्यायवाची उपजातियां मल्लाह, बिन्द, केवट, धीवर, कहार, रैकवार, मांझी आदि अन्य पिछड़े वर्ग में है। भाजपा ने अनुसूचित जाति का आरक्षण अपने वादे के अनुसार नहीं दिया तो वीआईपी सामाजिक न्याय आधारित राजनीतिक दलों से गठबंधन कर या अकेले अपने बलबूते नाव चुनाव चिह्न को लेकर चुनावी समर में उतरेगी।

बिहार में VIP राजग की मुख्य सहयोगी है

मुकेश साहनी ने कहा कि श्रीराम की नैया को गंगा पार कराने वाले निषादराज के वंशजों की नैया मंझधार में फंसी है। बिहार में हमारी पार्टी के 4 विधायक हैं। वीआईपी राजग की एक मुख्य सहयोगी पार्टी है। हम निषाद आरक्षण की लड़ाई लड़ रहे हैं। मंत्री पद हमारे लिए कोई मायने नहीं रखता। मंत्री पद रहे या न रहे, हम निषाद समाज के अधिकार व सम्मान की लड़ाई लड़ रहे हैं। निषाद समाज को अपने वोट की ताकत को पहचानने की जरूरत है। हमारी पार्टी 169 सीटों पर मजबूती के साथ लड़ेगी। जरूरत पड़ी तो 403 सीटों पर लड़ाएंगे। रैली को वीआईपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष इं. हरिओम निषाद, प्रदेश उपाध्यक्ष हरिशंकर निषाद, वाराणसी जिलाध्यक्ष सुचित कुमार साहनी, जिला प्रधान महासचिव दीपक आर्य, सुदर्शन चौधरी, जिला महासचिव खुशबू श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष महिला सीमा यादव, प्रदेश सचिव (युवा मोर्चा) धनंजय साहनी, मंडल अध्यक्ष इं. अरविंद मझवार आदि ने भी संबोधित किया।