बनारस में बोले केंद्रीय मंत्री अश्वनी चौबे- गांधी परिवार की चर्चा हमसे न करवाइये, UP चुनाव में कांग्रेस की तरह सपा और बसपा भी होगी साफ...

Union Minister Ashwani Choubey said in Banaras - Don't make us discuss the Gandhi family, SP and BSP will also be clear like Congress in UP elections. केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे रविवार को वाराणसी में थे उन्होंने सपा बसपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। कहा कि यूपी में फिर योगी की सरकार बनने जा रही है जिन्होंने बाहुबल और धनबल पर प्रहार किया।

बनारस में बोले केंद्रीय मंत्री अश्वनी चौबे- गांधी परिवार की चर्चा हमसे न करवाइये, UP चुनाव में कांग्रेस की तरह सपा और बसपा भी होगी साफ...
केंद्रीय मंत्री अश्वनी चौबे पत्रकारों से बातचीत करते हुए।

वाराणसी, भदैनी मिरर। रविवार को वाराणसी पहुंचे कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल द्वारा भाजपा में गुंडे भरे पड़े हैं के बयान पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा की जाकी रही भावना जैसी प्रभु मूरत देखी तिन जैसी...। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में सपा की जो सरकार थी उसमें गुंडों का साम्राज्य था। अपराधियों का आतंक था और उन्हें कानून का भय नहीं था। भाजपा सरकार में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून का राज स्थापित हुआ और बगैर किसी भेदभाव के विकास कार्य भी हुए। गुंडों के खिलाफ योगी आदित्यनाथ की सरकार ने अभियान चलाकर कार्रवाई की। भाजपा सरकार ने बाहुबल और धनबल दोनों के खिलाफ कार्रवाई की। यही वजह है कि उत्तर प्रदेश की जनता अब राहत महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि अब तो प्रदेश की जनता ने भी मन बना लिया है कि योगी आदित्यानाथ की ही सरकार ही आए। ऐसे में जनता के आशीर्वाद से उत्तर प्रदेश में बीजेपी 300 से ज्यादा सीट कर दोबारा सरकार बनाएगी। 

उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के इस विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का हाथ-पैर बचेगा भी कि नहीं, यह मुझे नहीं पता है। सपा और बसपा की भी यही गति होगी। कहा कि देश ही नहीं दुनिया के लोग भी अब बनारस के विकास मॉडल को देख रहे हैं। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद बनारस तीर्थाटन ही नहीं बल्कि पर्यटन के भी बड़े केंद्र के तौर पर उभरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी की धरोहर को संरक्षित रखते हुए लगातार यहां की जनता, जनप्रतिनिधियों और अफसरों के संपर्क में रह कर यहां का कायाकल्प कर दिया है।

वहीं शहीद दिवस पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के ट्वीट पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा राहुल गांधी के परिवार की चर्चा हमसे न कराइए। राहुल गांधी को इतनी जानकारी होनी चाहिए कि इस राष्ट्र के लिए समर्पित लोगों की बड़ी टोली है। यहां विदेशी संस्कृति नहीं है। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व ही राष्ट्र हित है। यह सुप्रीम कोर्ट ने भी अपने एक आदेश में कहा था। राहुल गांधी को भारतीय संस्कृति को पहचानने में सात जन्म लगेंगे। 

बता दें कि राहुल गांधी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया था कि एक हिंदुत्ववादी ने गांधीजी को गोली मारी थी। इसी ट्वीट पर  उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने पत्रकारों से कहा कि राहुल गांधी को पता है कि वह किस परिवार से आते हैं। अब उस खानदान की चर्चा आप लोग हमसे मत कराइए। 

शायर मुनव्वर राणा के हालिया बयान कि, "अगर योगी आदित्यनाथ दोबारा मुख्यमंत्री बने तो वह उत्तर प्रदेश से पलायन कर जाएंगे" पर चौबे ने कहा कि पलायन तो करना ही पड़ेगा। 'अगर' सीएम बनेंगे क्या, वो सीएम हैं और उत्तर प्रदेश की जनता के आशीर्वाद से अगले मुख्यमंत्री भी वही ही बनेंगे। कहा कि योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बनेंगे तो ऐसे माफिया तंत्रों का यहां से पलायन होगा और वह बंगाल की खाड़ी में समा जाएंगे।