मंदिर कब्जे का विवाद : कहासुनी के बाद लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, हिन्दू युवा वाहिनी के नेता समेत तीन घायल...

मंदिर कब्जे का विवाद : कहासुनी के बाद लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, हिन्दू युवा वाहिनी के नेता समेत तीन घायल...
गोली कांड में घायल हिंदू युवा वाहिनी के नेता अभिषेक पांडेय

वाराणसी,भदैनी मिरर। वर्षों से चले आ रहे भेलूपुर के दुर्गाकुंड चौकी सीमा के शक्ति नगर कॉलोनी में स्थित संतोषी माता मंदिर के विवाद में रविवार को गोली चल गई। गोली की आवाज सुनते ही धड़ाधड़ लोगों ने घर के दरवाजे बंद कर लिए। गोली वर्चस्व की लड़ाई में चलाई गई है। दोनों पक्ष रसूखदार बताये जा रहे है। तीन लोगों को ट्रामा सेंटर भर्ती करवाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एसीपी भेलूपुर चक्रपाणि त्रिपाठी भारी फोर्स के साथ पहुंच गए। घटना की जानकारी होते ही एसीडीपी काशी जोन विकास चन्द्र त्रिपाठी के साथ डीसीपी काशी जोन अमित कुमार भी घटनास्थल का निरीक्षण कर अस्पताल में घायलों से बातचीत की। पूरे प्रकरण में तीन लोगो के घायल होने की सूचना है।

लंबे समय से चला आ रहा विवाद


बता दे कि संतोषी माता के जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। इस मंदिर के सचिव अतर सिंह हैं और यहां पुजारी रवि पंडित के द्वारा नियुक्त अभिषेक पांडेय पूजा कर रहे थे। मंदिर परिसर में ही पुजारी पक्ष रहता है। बताया जाता है कि बारिश से मंदिर की गिरी पटिया को सही करते समय रविवार की रात दोनों पक्षों में  कहासुनी हुई और मारपीट होने लगी। इसी दौरान अतर सिंह ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली। अतर की पिस्टल से 4 राउंड फायरिंग हुई। 1 गोली अभिषेक के बाएं कंधे में और दूसरी बाएं हाथ में जा लगी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस अभिषेक और अतर व उसके भाई राजबहादुर सिंह को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गई। 

ट्रामा सेंटर पर समर्थकों का हंगामा


घटना में हिन्दू युवा वाहिनी के पदाधिकारी अभिषेक पांडेय को भी कंधे पर गोली लगी है। इसकी सूचना मिलते ही संगठन अध्यक्ष दिवस त्रिपाठी सहित कई दर्जन कार्यकर्ता ट्रामा सेंटर पहुंचकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। आक्रोशित पदाधिकारियों को एसीपी भेलूपुर ने समझाया कि गोली पुरानी रंजिश में चली है, पुलिस की जांच जारी है, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। वही हिंदू युवा वाहिनी के नेता अभिषेक पांडेय के घायल होने की सूचना पर राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल भी ट्रामा सेंटर पहुंच गए। वहां आक्रोशित नेताओं और कार्यकर्ताओं को उन्होंने समझाबुझाकर शान्त करवाया।

एक पक्ष ने लगाया छेड़खानी का आरोप


अतर सिंह ने आरोप लगाया कि मंदिर परिसर में रहने वाली एक युवती से पुजारी ने छेड़खानी की थी। इसकी सूचना पाकर उन्होंने विरोध किया तो उनके साथ बदसलूकी की गई। उन्होंने डराने के लिए पिस्टल निकाली तो उसे छीन कर फायरिंग की गई और गोली पुजारी को लग गई। वहीं अभिषेक ने बताया कि अतर ने ही उस पर फायरिंग की है। घटनास्थल से पुलिस ने 3 खोखे बरामद किए हैं।
इस संबंध में एडीसीपी काशी जोन विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि दो पक्षों में मंदिर पर कब्जे को लेकर पुराना विवाद है। कहासुनी और मारपीट के दौरान ही फायरिंग हुई है। फायरिंग में एक युवक और मारपीट में दोनों पक्ष से एक-एक लोग घायल हुए हैं। तीनों का उपचार कराया जा रहा है। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पिस्टल का लाइसेंस निरस्त करने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी।