कांग्रेसियों ने निकाली पदयात्रा: भाजपा गद्दी छोड़ो यात्रा निकालकर सरकार को घेरा, कहा प्रचार-प्रसार पर चल रही BJP सरकार, 2022 में नहीं होगी वापसी

कांग्रेसियों ने निकाली पदयात्रा: भाजपा गद्दी छोड़ो यात्रा निकालकर सरकार को घेरा, कहा प्रचार-प्रसार पर चल रही BJP सरकार, 2022 में नहीं होगी वापसी

वाराणसी, भदैनी मिरर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू के आह्वान पर सोमवार को वाराणसी में कांग्रेसियों ने अपना दम दिखाया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा गद्दी छोड़ो पदयात्रा निकाली। पदयात्रा में कांग्रेसियों ने बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी, किसानों की दुर्दशा, ध्वस्त कानून व्यवस्था, काशी की बदहाल स्थिति, मां गंगा के स्वरूप से छेड़छाड़, काशी में परियोजनायो के नाम पर लगातार लूट और विधानसभा क्षेत्रों की बदहाली का आरोप लगाते हुए सरकार विरोधी नारेबाजी की। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में 2022 में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए हुंकार भरी।


जनविरोधी नीतियों को जनता को बताया


कांग्रेस की पदयात्रा अस्सी घाट पर गंगा किनारे संकल्प लेकर शुरू हुई। भदैनी, शिवाला, भेलूपुर, कमच्छा, रथयात्रा होते हुए सिगरा स्थित भारत माता मंदिर प्रांगण पहुंची। भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और राष्ट्रगान के बाद पदयात्रा खत्म हुई। इस दौरान पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि अगस्त क्रांति के दिन भाजपा गद्दी छोड़ो के नारे के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता योगी सरकार को घेरे हैं। यह महीना ही क्रांति का है। हम लोगों ने पदयात्रा कर सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के समक्ष उजागर किया है। भाजपा सरकार के पांच वर्ष पूरे होने को हैं, लेकिन इस पूरी अवधि में विकास नहीं चारों तरफ विनाश ही दिखा है।


झूठ और पाखंड के सहारे चल रही BJP की राजनीति


अजय राय ने कहा कि भाजपा ने सरकारी संसाधनों का दुरूपयोग कर लोकतंत्र और संविधान की धज्जियां उड़ाई है। भाजपा की राजनीति झूठ और पाखंड के सहारे चल रही है। बुनियादी मुद्दों से मुंह चुराकर जनता को झूठे प्रचार-प्रसार से बरगलाने का काम हो रहा है। भाजपा की लोकतंत्र में जरा भी आस्था नहीं है। उसकी चाल है कि पूरा तंत्र ही लोक के हाथों से निकल जाए। किसानों के ऊपर तीन काले कृषि कानूनों की मार भाजपा राज की देन है। रसोई गैस के दाम 1 हजार रुपए तक पहुंच गए हैं। भाजपा राज में हो रही हत्याओं से उत्तर प्रदेश के लोगों में भय व्याप्त हैं। जनता ने भी तय कर रखा है कि वह 2022 में विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी की अगुवाई में आगे बढ़ेंगे।


नहीं टिकेगी प्रचार-प्रसार के बल पर चलने वाली सरकार

महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि अगस्त क्रांति के अवसर पर कांग्रेसजनों ने पदयात्रा के माध्यम से अन्याय के खिलाफ संघर्ष का बिगुल बजाया है। योगी सरकार में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर हैं। इस जनविरोधी सरकार का चेहरा बेनकाब करना पदयात्रा का प्रमुख उद्देश्य है। कांग्रेस पार्टी जनमुद्दों पर संघर्ष करती रहेगी। भाजपा का चाल-चरित्र आमजन के सामने है। प्रचार-प्रसार के बल पर चलने वाली सरकार अब टिकेगी नहीं। 2022 में भाजपा सत्ता में वापसी नहीं कर पाएगी।


इस दौरान प्रदेश सचिव इमरान खां, अनिल श्रीवास्तव, ओमप्रकाश ओझा, रामनगर पालिका चेयरमैन रेखा शर्मा, मुर्तजा समशी, नेता पार्षद दल सीताराम केशरी, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव चंचल शर्मा, दुर्गाप्रसाद गुप्ता, प्रिंस राय खगोलन, पूनम कुंडू, अमृता पांडेय, मनीष मोरोलिया, पार्षद रमजान अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।