झाड़ू के बयान पर सियासत गर्म: कांग्रेस UP अध्यक्ष बोले महिलाओं-दलितों का हुआ अपमान, लखीमपुर खीरी हिंसा के बाद प्रतिज्ञा नही होगी किसान न्याय रैली

झाड़ू के बयान पर सियासत गर्म: कांग्रेस UP अध्यक्ष बोले महिलाओं-दलितों का हुआ अपमान, लखीमपुर खीरी हिंसा के बाद प्रतिज्ञा नही होगी किसान न्याय रैली


वाराणसी,भदैनी मिरर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के वाराणासी आगमन के पूर्व कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू ने पत्रकारों से बातचीत की। इसके साथ ही उन्होंने लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर अबतक गिरफ्तारी न किये जाने पर मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार पर सवालिया निशान भी लगाए। 

इस दौरान अजय लल्लू ने सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रियंका गांधी के ऊपर झाड़ू लगाने को लेकर की गयी टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि सीएम ने कहा कि प्रियंका गांधी झाड़ू लगाने ही योग्य हैं। यह बयान उन माताओं बहनों का भी अपमान करता है। जो प्रतिदिन अपने घरों को झाड़ू लगाकर साफ़ सफाई करने का कार्य करती हैं। कांग्रेस पार्टी ने भाजपा के इस टिप्पणी का जवाब देने के लिए महर्षि वाल्मीकि के मूर्ति की साफ सफाई करने के साथ ही प्रियंका गांधी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश भर में झाड़ू लगाकर सीएम योगी आदित्यनाथ के इस सोच की निंदा और भर्त्सना की है और इस साफ़ सफाई के साथ ही निश्चित तौर पर कांग्रेस पार्टी भाजपा पार्टी को पुरे तरह से साफ़ करने का काम करेगी। 

उन्होंने लखीमपुर खीरी की घटना पर भाजपा को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि इस प्रदेश में लोकतंत्र का माहौल नही रह गया है। अबतक न गृह राज्य मंत्री के बेटे की गिरफ्तारी हुई न ही गृह राज्य मंत्री का इस्तीफा हुवा।  पहली बार ऐसा देखा जा रहा है कि 302 के मुकदमे में सम्मन जारी हो रहा है। ये एक तरह से इस बात की तरफ़ इशारा करता है कि इनलोगो को सरंक्षण प्राप्त है। जिस प्रकार से विरोध करने वाले किसानों की गाड़ी से कुचलकर निर्मम हत्या हुई है। वो अपने आप मे घोर निंदनीय है। हमलोग प्रियंका गांधी के नेतृत्व में इसका न्याय यात्रा  द्वारा गांव- गांव शहर में प्रतिकार करेंगे।