छत से धक्का देकर मारने का आरोप, राजगीर की हुई संदिग्ध मौत, मुकदमा दर्ज

छत से धक्का देकर मारने का आरोप, राजगीर की हुई संदिग्ध मौत, मुकदमा दर्ज

वाराणसी, भदैनी मिरर। रोहनिया थाना क्षेत्र के दरेखु में बुधवार को संदिग्ध परिस्थिति में एक राजगीर की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों ने बताया कि दरेखु निवासी राजगीर राजेंद्र बिंद (40) बुधवार सुबह घर से काम करने के लिए निकला था। इसी दौरान दरेखु चट्टी के पास कुछ लोगों से राजेंद्र का विवाद हुआ। आरोप है कि जिन लोगों से विवाद हुआ उन्हीं लोगों ने राजेंद्र को छत से धक्का दे दिया। 

राजगीर के भाई ने तहरीर में तीन लोगों के खिलाफ छत से गिराकर मारने का आरोप लगाया गया है। राजेन्द्र चार भाइयों में छोटे थे। उनकी दो बेटियां और एक बेटा है। मौत की जानकारी पर पत्नी मीनतारा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था।

रोहनिया थाना प्रभारी हरीनाथ प्रसाद भारती  ने बताया कि राजेंद्र के मौत के बाद मिली तहरीर के आधार पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा कायम किया गया है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। पता चला है कि, जिन लोगों पर आरोप लगाया गया है उन लोगों के साथ राजेंद्र अक्सर बैठते थे।