UP विस चुनाव में 40% की हिस्सेदारी मिलने से महिलाओं को कई समस्याओं से मिलेगी निजात : रेखा शर्मा

वाराणसी,भदैनी मिरर। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के विधानसभा चुनाव (Assembly Election) में टिकट बंटवारे में कांग्रेस पार्टी (Congress Party) द्वारा 40 फीसदी हिस्सेदारी की प्रियंका गांधी की घोषणा के बाद कांग्रेस की महिला नेताओं में जबरदस्त उत्साह है। कांग्रेस की महिला नेता भी अब पार्टी से टिकट की दावेदारी कर रही है। वाराणसी रामनगर नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष रेखा शर्मा कहती है पार्टी के आलाकमान का यह निर्णय आधी आबादी को आगे बढाने के हित में है।

पिछले चार बार से नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद पर काबिज रेखा शर्मा कहती है कि आधी आबादी वाली महिलाओं की भागीदारी विधानसभा चुनाव में होने से उत्पीड़ित, बेरोजगार और तमाम समस्याओं से जूझने वाली महिलाओं को समस्याओं से निजात मिलेगा। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने त्रिस्तरीय निकाय चुनाव में महिलाओं को 33 प्रतिशत की भागीदारी दिलाई जिससे निकाय चुनाव में महिलाएं चुनाव जीतकर अपना आधिपत्य जमाएं हुए है।

रेखा शर्मा कहती है कि हमने कैंट विस से पार्टी से टिकट मांगा है, यदि पार्टी टिकट देती है तो ऊंच-नीच, जाति-मजहब, अमीर-गरीब की खाई पटाते हुए विकास, आपसी सौहार्द और भाईचारे पर लड़ा जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जैसे रामनगर से हमें प्रेम मिला वैसे ही कैंट विस की जनता का हमें प्रेम मिलेगा।