युवक को मारी गोली: बदमाश की गोली से घायल समाजसेवी का इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी

युवक को मारी गोली: बदमाश की गोली से घायल समाजसेवी का इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी
अस्पताल में भर्ती गोली से घायल समाजसेवी विशाल सिंह।

वाराणसी, भदैनी मिरर। कैंट रेलवे स्टेशन के सामने विजयानगर मार्केट में एक डेयरी के पास बुधवार रात करीब नौ बजे मुंह बांधे बदमाश ने सामाजिक कार्यकर्ता इंग्लिशिया लाइन निवासी विशाल सिंह (32) से झड़प किया। नोकझोंक के बाद बदमाश ने गोली मार दी और असलहा लहराते हुए भाग निकला। आसपास के लोग विशाल को मलदहिया स्थित अस्पताल ले गये। गोली पेट के आसपास लगी है। डीसीपी वरुणा जोन विक्रांत वीर ने परिजनों से बात की। घटनास्थल का मुआयना किया। कहा कि विशाल के ही मोहल्ले में रहने वाला पंकज गुप्ता नामक बदमाश ने गोली मारी है, इसकी जानकारी खुद विशाल ने दी है।  आरोपित को पकड़ने के लिए टीमें रवाना कर दी गई है।

घटना के बारे में परिजनों से बातचीत करती पुलिस।

विशाल सिंह रोज की तरह मार्केट में दुकान के पास खड़ा था। डेयरी के पास एक पहचान के व्यक्ति से बात कर रहा था। तभी मुंह बांधे एक युवक आया और बातचीत के दौरान ही उलझ गया। दोनों में नोकझोंक के बीच आस-पास के दुकान पहुंचे। दोनों को अलग करने लगे। इतने में बदमाश ने गोली मार दी। गोली लगने के बाद कुछ कदम चलकर विशाल नीचे लुढ़क गया। जहां घटना हुई, वहां पास ही गेस्ट हाउस और बीयर की दुकान भी है। घायल विशाल को अस्पताल ले जाने के साथ ही पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे एसीपी चेतगंज अनिरुद्ध कुमार, सिगरा थाना प्रभारी अनूप शुक्ला ने आसपास की फुटेज देखी। इसमें चार से पांच लोग उस दौरान दिख रहे थे। सभी लोग बदमाश से विशाल को बचाने में लगे थे, तभी उसने गोली चला दी और भाग निकला।