बाइक शो रुम में लगी आग, दो घंटे के कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू...

बाइक शो रुम में लगी आग, दो घंटे के कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू...

वाराणसी,भदैनी मिरर। अकथा पहड़िया स्थित सिटी होंडा बाइक शोरूम में आग लगने से हड़कम्प मच गया। गार्ड ने इसकी जानकारी संचालक को दी जिसके बाद सूचना अग्निशमन दल को मिली। अग्निशमन दल को आग पर काबू पाने के लिए दो घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। अग्निशमन विभाग सोमवार को पड़ताल करेगा कि शोरूम में आग लगने की वजह क्या थी और आग पर काबू पाने के उचित इंतजाम थे या नहीं थे। बताया जा रहा है कि आग से करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

सिटी होंडा बाइक शोरूम के डायरेक्टर राजेश प्रसाद ने बताया कि रविवार की रात वह भोजन करने के बाद सो गए थे। आधी रात बाद उनके मोबाइल पर शोरूम के सिक्योरिटी गार्ड का फोन आया तो आग लगने की जानकारी हुई। हालांकि तब तक पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी जा चुकी थी। वह और कुछ अन्य कर्मचारी भाग कर शोरूम पहुंचे। उन्होंने देखा कि शोरूम आग की विकराल लपटों से घिरा हुआ है। लगभग 2 बजे रात तक आग बुझाने का काम चला। आग लगने के कारण दर्जनों बाइक, शोरूम का सारा सेटअप और रिकार्ड जल कर राख हो गया। लगभग 20 लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान आग लगने के कारण हुआ है।

आग बुझने के बाद क्षतिग्रस्त शोरुम की तस्वीर


मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनिमेष सिंह ने बताया कि आग लगने की वजह प्रथमदृष्टया शार्ट सर्किट समझ में आई है। सोमवार को हमारी एक टीम जाकर घटनास्थल का फिर से मुआयना करेगी। पता लगाया जाएगा कि आग कैसे लगी थी। आग से बचाव के लिए अग्निशमन यंत्र लगे थे या नहीं लगे थे और वह काम कर रहे थे या नहीं कर रहे थे। मुआयना के आधार पर हमारी टीम रिपोर्ट तैयार करेगी। यदि आग से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिलेंगे तो शोरूम संचालक को नोटिस देकर स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा।