सांसद संजय सिंह को पुलिस ने रोका: तिरंगा यात्रा में शामिल होने पहुंचे थे बनारस, ट्वीट कर सभापति से हस्तक्षेप करने की मांग...

सांसद संजय सिंह को पुलिस ने रोका: तिरंगा यात्रा में शामिल होने पहुंचे थे बनारस, ट्वीट कर सभापति से हस्तक्षेप करने की मांग...

वाराणसी,भदैनी मिरर। यूपी विस चुनाव को लेकर अब राजनैतिक पार्टियों की रैलियां शुरु हो गई है। वाराणसी में पहले कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी की किसान न्याय रैली हुई और अब 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा प्रस्तावित है। उसके पहले गुरुवार को तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाराणसी पहुँचे आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। गुरुवार सुबह भेल स्थित गणेशपुर तरना के पास एयरपोर्ट रोड पर पुलिस ने उन्हें रोका और हिरासत में लिया। इस दौरान संजय सिंह पुलिसकर्मियों के साथ उलझते भी दिखे और हिरासत में लिये जाने का प्रशासन का लेटर भी मांगते रहे।

संजय सिंह कचहरी से लहुराबीर के बीच तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करने वाराणसी पहुंचे थे। हालांकि इस यात्रा को जिला प्रशासन से अनुमति नहीं मिली है। बावजूद इसके संजय सिंह अपने पार्टी के सदस्यों और कार्यकर्ताओं के साथ तिरंगा संकल्प यात्रा निकलने की तैयारी में जुटे थे। सुरक्षा कारणों से पुलिस ने संजय सिंह को हिरासत में लिया है।

संजय सिंह को हिरासत में लिये जाने से आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश है। वहीं, हिरासत में लिए जाने के बाद आप सांसद ने राज्य सभा के सभापति से गुहार लगाई। उन्होंने ट्वीट कर कहा- माननीय सभापति जी मुझे गैरकानूनी ढंग से वाराणसी शिवपुर में भारी पुलिस बल के साथ रोका गया है। मेरे साथ कोई भी घटना घटित हो सकती है, कृपया तत्काल हस्तक्षेप करें। उधर, वाराणसी में आम आदमी पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के घर पुलिस का पहरा है। नेताओं के नजरबंद किया गया है, उन्हें घर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह ने कहा कि आज योगी सरकार की पुलिस ने अंग्रेजी हुकूमत की याद दिला दी।