YOGI का शंखनाद: CM ने जमकर की मोदी की तारीफ, विपक्षियों पर बोला हमला...

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मिशन 2024 के चुनाव को लेकर प्रचार प्रसार का शंखनाद कर दिया. इसके साथ ही केंद्र की मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर जमकर तारीफ की और विपक्षियों पर हमला बोला.

YOGI का शंखनाद: CM ने जमकर की मोदी की तारीफ, विपक्षियों पर बोला हमला...

  • देश सुरक्षा, समृद्धि और सुशासन से आगे बढ़ता है-मुख्यमंत्री
  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अमेरिकी राष्ट्रपति, संसद और नागरिकों ने जो स्वागत किया, उससे 140 करोड़ भारतीयों का दुनिया में गौरव बढ़ा-योगी आदित्यनाथ
  • प्रधानमंत्री ने सुशासन का मॉडल दुनिया में पेश किया है-सीएम
  • इसके चलते आज जिस देश में जाते हैं उस देश का सर्वोच्च सम्मान उन्हें मिल रहा है-योगी
  • वाराणसी में यातायात की सेवाएं, वायु सेवा, जलसेवा और सड़क सेवा के साथ रेल सेवा कई गुना बढ़ी हैं-मुख्यमंत्री
  • मुख्यमंत्री ने "जन-जन खुशहाल, विकास अपार, डबल इंजन की सरकार" का दिया नारा


वाराणसी, भदैनी मिरर। देश की सियासत की धुरी बन चुकी बनारस की धरती से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षियों पर जमकर हमला बोला और जनमानस से आशीर्वाद मांगा। उन्होंने "जन-जन खुशहाल, विकास अपार, डबल इंजन की सरकार" का नारा दिया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक दिवसीय वाराणसी दौरे पर सोमवार को वाराणसी आए और जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान पर आयोजित केन्द्र सरकार के 09 वर्ष की उपलब्धियों की जन सामान्य को जानकारी दिए जाने हेतु आयोजित "9 साल बेमिसाल" के विशाल जनसभा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप मे जन सैलाब को सम्बोधित किया। केंद्र सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में जनसभा में मुख्यमंत्री ने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को बताने के साथ ही जन मानस की नब्ज भी टटोला।उन्होंने कहा कि देश सुरक्षा, समृद्धि और सुशासन से आगे बढ़ता है।

प्रधानमंत्री के अमेरिका यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका में प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत हुआ। वहां के राष्ट्रपति, संसद और नागरिकों ने जो स्वागत किया, उससे 140 करोड़ भारतीयों का दुनिया में गौरव बढ़ा। प्रधानमंत्री ने सुशासन का मॉडल दुनिया में पेश किया है। इसके चलते आज जिस देश में जाते हैं उस देश का सर्वोच्च सम्मान उन्हें मिल रहा है। 

CM ने कहा की हाल के वर्षों में वाराणसी में यातायात की सेवाएं, वायु सेवा, जलसेवा और सड़क सेवा के साथ रेल सेवा कई गुना बढ़ी हैं। हाईवे का जाल बिछ गया है। कोई कहीं से कभी भी वाराणसी आ सकता है। वाराणसी से प्रयागराज, गोरखपुर, लखनऊ समेत कई बड़े शहर फोरलेन से जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 9 साल का कार्यकाल बेमिसाल रहा। सुरक्षा से, समृद्ध से, सुशासन से व सेवा से देश आगे बढ़ता है और विगत 9 वर्षों के अंदर इस देश ने कुछ नए मानक गड़े हैं। उन्होंने कहा कि आज दुनिया वैश्विक मंच पर भारत अपनी प्रतिष्ठा के साथ उभरा है। एक नए भारत के रूप में दुनिया भारत को आपदा के समय विपत्ति के समय संकट मोचन के रूप में देखती है। वहीं दूसरी ओर भारत की सीमाओं की सुरक्षा मजबूत हुई हैं। आज कोई दुश्मन भारत की सीमा में घुस कर सीमाओं को टच नहीं कर सकता। आज कोई भी भारत की सुरक्षा में सेंध नहीं लगा सकता। भारत अपनी बाहय और आंतरिक सुरक्षा बहुत मजबूत किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर का क्या मॉडल होना चाहिए, वाराणसी उसका एक उदाहरण है।वाराणसी में वायुसेवा कई गुना बढ़ी है। रेलवे की सेवा देश के अलग-अलग क्षेत्रों के लिए बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि काशी में जहां से भी कोई आना चाहिए फोरलेन सिक्स लेन की कनेक्टिविटी काशी के लिए आज सब जगह के लिए मौजूद है।बाबतपुर एयरपोर्ट से प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर से फोरलेन, सिक्स लेन से कनेक्टिविटी हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के कारण आज किसानों के उत्पाद को वैश्विक मान्यता भी प्राप्त हो रही है, यह पहली बार हुआ है। आज भारत ने इन्फ्राट्रक्चर का मॉडल दुनिया को दिया है। सुरक्षा व लोक कल्याण का मॉडल दिया है।प्रधानमंत्री का नारा हैं, "सबका साथ सबका विकास"। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज देश में 80 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन प्राप्त हो रहा है। भारत के 140 करोड़ लोगों को 220 करोड़ वैक्सीन प्राप्त हुआ। 3.50 करोड़ गरीबों को लिए आवास की सुविधा उपलब्ध करायी गयी। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 5 लाख रुपए की आयुष्मान कार्ड गरीब लोगों को उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि पहले देश में 1947 से लेकर 2014 तक 6 एम्स बने थे और आज 9 वर्षों में 22 एम्स, कुल 74 एयरपोर्ट के सापेक्ष 9 वर्षों में 74 नए एयरपोर्ट का निर्माण देश के अंदर हुआ। आज देश का किसान हो, नौजवान हो, महिलाएं हो, हर किसी को शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ है। यह संभव हुआ है, पीएम मोदी के नेतृत्व में। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के संसद में काशी का प्रतिनिधित्व करते है। काशी को इसको गौरव होना चाहिए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और प्रमाण पत्र भी दिया। 
इस दौरान केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, महापौर अशोक तिवारी, एमएलसी हंसराज विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ अवधेश सिंह आदि लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।