जलजमाव से परेशान लोगों ने किया चक्काजाम: विधायक के आश्वासन पर मानें, टोटो पलटने से घायल हो चुकी है जनता...

जलजमाव से परेशान लोगों ने किया चक्काजाम: विधायक के आश्वासन पर मानें, टोटो पलटने से घायल हो चुकी है जनता...


वाराणसी,भदैनी मिरर। पद्मश्री से अस्सी मार्ग पर पिछले कई महीनों से जलजमाव के कारण परेशान जनता ने गुरुवार की सुबह चक्काजाम कर विरोध शुरु कर दिया। स्थानीय नागरिकों का कहना था कि जलजमाव से राहगीरों को दिक्कत तो हो ही रही, साथ में दुकानदारों को दुकानदारी में भी समस्या हो रही है। आवागमन ठप होने की सूचना मिलते ही अस्सी चौकी की पुलिस पहुंच गई।  स्थानीय लोग पुलिस के समझाने पर नही मानें तो करीब तीन घण्टे बाद कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव और नगर निगम और जलकल के अधिकारियों के आश्वासन पर धरना समाप्त किया।

दो महीने से लगातार कर रहे है शिकायत 

सामाजिक कार्यकर्ता रामयश मिश्रा ने कहा कि अस्सी चौराहा से दुर्गाकुंड जाने वाले पर सीवर ओवरफ्लो की समस्या को हम लोग 2 महीने से झेल रहे हैं। पार्षद, विधायक, नगर निगम और जलकल विभाग में शिकायत के बाद भी समस्या की सुनवाई नहीं हो रही है। वाराणसी को बाहर स्मार्ट सिटी बताया जाता है और यहां रहने वाले लोग सीवर के गंदे बदबूदार पानी के बीच रहने को मजबूर हैं। हम किससे अपनी समस्या कहें और कौन समाधान कराएगा। आजिज आकर आज अपनी आवाज जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने के लिए यह माध्यम चुनना पड़ा है। 


बता दें कि सावन के पहले सोमवार को भी सीवर ओवरफ्लो होने से जलजमाव हो गया था। जलजमाव होने से दर्शनार्थियों से भरी टोटो (ई-रिक्शा) पलट गया। जिसमें सवार महिलाएं और बच्चों को मामूली चोटें भी आई थी। प्रदर्शन में अस्सी के गोपाल सिंह, अनिल कु्शवाहा, मित्तल साहनी, विष्णु गुप्ता, विशाल गुप्ता सहित क्षेत्र के तमाम अन्य लोग मौजूद रहे।