15 को मनाई जाएगी मकर संक्रांति, जाने कब तक है पुण्यकाल...

Makar Sankranti will be celebrated on 15 January. इस बार मकर संक्रांति का पर्व 15 जनवरी को मनाया जाएगा।

15 को मनाई जाएगी मकर संक्रांति, जाने कब तक है पुण्यकाल...

वाराणसी, भदैनी मिरर। सनातन संस्कृति में दिन और ऋतु के अनुरूप व्रत पर्व मनाने की परंपरा है। इससे मानव जीवन और समाज में ऊर्जा का संचार होता है। व्रत-पर्व समाज को एक सूत्र में बांधने का काम करते हैं। सूर्य के राशि परिवर्तन से उत्पन्न मकर संक्रांति का पर्व इस बार 15 जनवरी को मनाया जाएगा। 

धार्मिक शास्त्रीय दृष्टि से इस काल को देखें तो इसमें स्नान दान का विशेष महत्व है। संक्रांति काल में गंगा सहित अन्य नदियों में स्नान करने और श्रद्धानुसार जरूरतमंद लोगों को अन्न, वस्त्र का दान करने से मनुष्य को
अनंत गुणित फल प्राप्त होता है। गुड़ का दान विशेष फलदाई माना जाता
है। पुण्य काल में स्नान-दान करने से मनुष्य कई जन्मों तक निरोगी रहता
है। संक्रांति के दिन भगवान शिव का घृत से अभिषेक करने से विशेष फल
की प्राप्ति होती है। स्वर्ण और तिल से भरे पात्र का दान करने से अक्षय फल प्राप्त होता है।

काशी के कर्मकांडी विद्वान पंडित स्वर्णप्रताप चतुर्वेदी ने बताया कि इस वर्ष सूर्य मकर राशि में 14 जनवरी (शुक्रवार) को रात्रि 8:49 बजे प्रवेश कर रहे हैं। शास्त्रों के मुताबिक सूर्यास्त के बाद यदि सूर्य मकर राशि में प्रवेश करते हैं तब संक्रांति होने पर पुण्यकाल अगले दिन मान्य होता है। इस कारण 15 जनवरी को मकर संक्रांति मनाई जाएगी। संक्रांति का पुण्यकाल 15 जनवरी को प्रातः काल से दोपहर 12:49 तक रहेगा।