#Photos गंगा तट पर काशीवासियों ने किया योगासन, नमो घाट पर मंत्री से अधिकारी तक रहे शामिल...

काशीवासियों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गंगा तट पर योगाभ्यास किया. मंत्री से लेकर अधिकारी और आमजनता एक साथ योग कर निरोग रहने का संकल्प लिया.

#Photos गंगा तट पर काशीवासियों ने किया योगासन, नमो घाट पर मंत्री से अधिकारी तक रहे शामिल...

वाराणसी,भदैनी मिरर। केंद्र सरकार के अहवाह्न पर आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत मनाए जा रहे 8वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों समेत शहर के विविध स्थानों पर विविध संस्थाओं द्वारा योगाभ्यास किया गया। उत्तरवाहिनी माँ गंगा के तट और गंगा घाटो के साथ ही पार्कों और घरों पर काशीवासियों ने योगासन किए और स्‍वास्‍थ्‍य को बेहतर बनाने के लिए शरीर को योग के प्रति समर्पित किया।

इसी क्रम में शहर में प्रमुख आयोजन नमो घाट पर सुबह सूर्योदय के साथ ही मनाया गया। जिसमें उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके अलावा शहर के गणमान्‍य लोगों के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी और राजनीतिक दलों के लोगों ने भी योगाभ्यास किया।

इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग मनुष्य को केवल शारीरिक और मानसिक तौर पर स्वस्थ्य नहीं बनाता बल्कि यह सामाजिक रूप से भी व्यक्ति का विकास करता है। योग मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन बनाने भी में मदद करता है। इस बार के योग दिवस की थीम 'मानवता के लिए योग' है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में आज 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। पहला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून, 2015 को मनाया गया था। जिसका प्रस्ताव सबसे पहले भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर, 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा के अपने संबोधन में किया था। इसके बाद 21 जून को इंटरनेशनल योग डे मनाने की घोषणा  की गई थी। उन्होंने कहा कि योग हमारी सनातन संस्कृति का प्रतीक है। जिसे आज पूरे विश्व ने स्वीकार किया है।

वहीं कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने जनपद में आठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन पर लोगों को धन्यवाद देते हुए कहां कि हमारी योग परंपरा अति प्राचीन है, योग हमारी सनातन संस्कृति का प्रतीक है। जिसे आज पूरे विश्व ने स्वीकार किया है। अगर नियमित रूप से योग किया जाए, तो आप शारीरिक और मानसिक तौर से हमेशा स्वस्थ रह सकते हैं। 

इसके साथ ही नमो घाट पर और उसके सम्मुख मां गंगा की लहरों पर योग की अलौकिक छटा देखने को मिली। मुख्य अतिथि मंत्री जयवीर सिंह ने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित भारी संख्या में मौजूद लोगों के साथ योग किया। घाट पर 19 ब्लाक बनाये गए थे। इनमें करीब 5000 से अधिक लोगों ने सुबह छह बजे अपना स्थान ले लिया। सभी ब्लाक में लगी एलईडी स्क्रीन पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मैसूर में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जा रहा था । इस दौरान जेटी को आपस में जोड़ कर बनाई गई 75 अंक को उकेरा गया था, जो आकर्षण का केंद्र रहा तथा स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने पर मनाए जा रहे अमृत महोत्सव का संदेश दे रहे थे। जेटी पर भी एक कतार में कुछ लोगों ने योग किया। नमो घाट के अलावा गंगा के किनारे सभी 84 घाटों पर भी कार्यक्रम हुए। इसमें कई संस्थाओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। 

बता दें कि आठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 14 से 20 जून तक जनपद में बड़े पैमाने पर अमृत योग सप्ताह मनाया गया। जिसके तहत नगर निगम के वार्ड, नगर पालिका, नगर पंचायत, तहसील, ब्लाक, ग्राम पंचायत, महाविद्यालय, चिकित्सा शिक्षा महाविद्यालय, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, माध्यमिक विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय, आयुष चिकित्सालयो, हेल्थ वैलनेस सेंटर, योग वैलनेस सेंटर आदि स्थानों पर रोजाना योग के सामूहिक अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गये। जिसमे लाखों की संख्या में लोगों ने प्रतिभाग कर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा, महापौर मृदुला जायसवाल, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, नगर आयुक्त प्रणय सिंह आदि ने भाग लिया।।

इसी क्रम में दशाश्वमेध स्थित शास्त्रार्थ महाविद्यालय में बटुक ने भी योग के विभिन्न आकर्षक विधाओं का अभ्यास किया। नागरिक सुरक्षा के वार्डेन और स्वयंसेवकों ने हनुमानगढ़ी घाट पर योगाभ्यास किया। नागरिक सुरक्षा कलेक्ट्रेट प्रखंड और चेतगंज के वार्डेन और स्वयंसेवकों को स्वस्थ रहने के गुर बताए गए। डिवीजनल वार्डेन संजय कुमार राय ने स्वयंसेवकों ने अनुलोम विलोम, कपालभांति, वज्रासन, वक्रासन, भुजंगासन आदि का अभ्यास कराया। स्वयंसेवकों ने नियमित योग कर निरोग रहने का संकल्प लिया। 

इस अवसर पर उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा नीरज मिश्रा, सहायक उप नियंत्रक इरफानुल हुदा, विवेक कुमार, डिवीजनल वार्डेन संजय कुमार राय, निधिदेव अग्रवाल, कन्हैया लाल, मंगला प्रसाद गुप्ता, पोस्ट वार्डेन अरविन्द विश्वकर्मा, नवीन प्रधान, हीरालाल यादव, अयन बोस, अजय श्रीवास्तव, मो.वसीम खां, मनीष गुप्ता, जय प्रकाश जायसवाल, नौसिन खानम, चंद्रकला, सोनम प्रसाद, शहजादे अंसारी, पुर्णेन्दु हलधर,वअशोक सिंह, टेकचंद गुप्ता, अरूण जायसवाल, रविन्द्र, मुन्ना लाल, अशरफ अली, नरेश जायसवाल, अमित चौहान, लियाकत अली आदि थे।