पति की अंगूठी गिरवी रखकर जा रही महिला से ऑटो में उच्चकागिरी, पिता के इलाज में है परेशान, पुलिस जांच में जुटी...

पति की अंगूठी गिरवी रखकर जा रही महिला से ऑटो में उच्चकागिरी, पिता के इलाज में है परेशान, पुलिस जांच में जुटी...

वाराणसी, भदैनी मिरर। शहर में आये दिन उचक्कागिरि की घटनाएं बढ़ती ही जा रही हैं। अभी गुरुवार को ही ईंट-भट्‌ठा कारोबारी से 1 लाख रुपए, पिस्टल-कारतूस और 2 मोबाइल उड़ाने की घटना घटित हुई थी। जिसके बाद शुक्रवार को भी कैंट थाना क्षेत्र के पांडेयपुर में  पिता के इलाज के लिए पति की अंगूठी गिरवी रखकर मायके जा रही महिला से 10,500 रुपए, 2 जोड़ी पायल और आधार व पैन कार्ड की दो महिलाओं ने उचक्कागिरि की। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची जांच में जुटी है।

बताया जा रहा कि भदोही जिले के दुर्गागंज थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी राजू मिश्रा की पत्नी पिंकी मिश्रा का मायका वाराणसी के धरसौना गांव में हैं। पिंकी के पिता लालजी तिवारी तबीयत इन दिनों खराब है और वह मोहांव में निजी अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हीं के उपचार के लिए पिंकी अपने पति की सोने की अंगूठी गिरवी रखकर 10,500 रुपये लेकर पिंकी पांडेयपुर आई थी। पांडेयपुर से  वह अपने 2 बच्चों के साथ मोहांव जाने के लिए ऑटो में सवार हुई। इसी बीच 2 भी महिलाएं आकर ऑटो में बैठी। लगभग 500 मीटर दूर जाने के बाद दोनों महिलाएं ऑटो से उतर गईं।

इसी दौरान पिंकी के दोनों बच्चे जूस पीने के लिए जिद करने लगे। वह जूस पिलाने के लिए अपने बैग से छोटा पर्स निकालना चाही तो उसे नहीं मिला। पूरा बैग खोजने के बाद भी पर्स न मिलने पर पिंकी अपने दोनों बच्चों के साथ भाग कर पांडेयपुर पुलिस चौकी गई।

पांडेयपुर चौकी की पुलिस ने कैंट थाने की पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पहुंची कैंट पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू किया लेकिन दोनों महिलाओं का कोई सुराग नहीं लगा। इस संबंध में कैंट इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।