प्रियंका गांधी को रोके जाने से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निकाला मशाल जुलूस, प्रदर्शन के दौरान पुलिस से हुई नोकझोक... 

प्रियंका गांधी को रोके जाने से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निकाला मशाल जुलूस, प्रदर्शन के दौरान पुलिस से हुई नोकझोक... 
मशाल जुलूस लेकर प्रदर्शन करते कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता

वाराणसी,भदैनी मिरर। पिछले 17 दिनों में प्रियंका गांधी को पुलिस ने दूसरी बार बुधवार को उस वक्त हिरासत में लिया जब वह पुलिस कस्टडी में मृत सफाईकर्मी अरुण बाल्मीकि से मिलने जा रही है। इसके पहले उन्हें लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा मामले में मृतकों के परिजनों से मिलने जाने के दौरान हिरासत में लिया गया था। हालांकि कुछ देर बाद ही प्रियंका गांधी के साथ प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, आचार्य प्रमोद कृष्णन और एमएलसी दीपक सिंह को आगरा जाने की अनुमति प्रशासन ने दे दी। बाबजूद इसके प्रियंका गांधी को रोके जाने के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मशाल जलाकर विरोध दर्ज कराया।

कचहरी अम्बेडकर पार्क में जनाक्रोश व्यक्त कर मशाल जलाकर प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश में जंगलराज चल रहा है। पुलिस व्यापारी को पीट-पीटकर मार रही है, चोरी के शक में थाने लाये गए सफाईकर्मी की पुलिस कस्टड़ी में मौत हो रही है, केंद्रीय मंत्री का बेटा किसानों को रौंद रहा है। मशाल मार्च निकालने पर कांग्रेस नेताओं की पुलिस से नोक-झोंक भी हुई।

पूर्व विधायक अजय राय ने कहा की उत्तर प्रदेश मे प्रियंका गांधी को लगातार पीड़ित परिवारों से मिलने पर इस सरकार द्वारा रोका जा रहा है।अनैतिक असंवैधानिक रूप से लगातार प्रियंका गांधी को रोकना इस सरकार की संवेदनहीनता को दर्शता है। जुल्म, अन्याय, अत्याचार के खिलाफ प्रियंका गांधी के अगुवाई में सँघर्ष जारी है, एक-एक पीड़ित की आवाज, एक-एक शोषित वंचितों की आवाज के लिए उन्हें न्याय दिलाने के किये इस योगी-मोदी सरकार को बेनकाब करने के लिए कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता, नेता संकल्पित व प्रतिबद्ध है। जब-जब जुल्म हो तब-तब सड़को पर सँघर्ष होगा।जनमुद्दों पर सँघर्ष करना कांग्रेस की पहचान है।

मशाल जुलूस की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे और जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम का संयोजन जिलाध्यक्ष सेवादल यंग ब्रिगेड अनुभव राय और महानगर अध्यक्ष सेवादल यंग ब्रिगेड परवेज खान ने किया। इस दौरान फसाहत हुसैन बाबू, दिलीप चौबे, मनीष मोरोलिया, पंकज सिंह डब्लू,  मनीष चौबे, शैलेन्द्र सिंह, अनुराधा यादव, अशोक सिंह, प्रिंस राय खगोलन, चंचल शर्मा, अमन आलम, आदि बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता उपस्थिति रहे।