योगी सरकार के 4 साल: विकास कार्यों के प्रदर्शनी का लोकार्पण कर बोले आशुतोष टण्डन- अपराध में आई भारी गिरावट, यूपी बन रहा उत्तम प्रदेश...

योगी सरकार के 4 साल: विकास कार्यों के प्रदर्शनी का लोकार्पण कर बोले आशुतोष टण्डन- अपराध में आई भारी गिरावट, यूपी बन रहा उत्तम प्रदेश...

वाराणसी,भदैनी मिरर। योगी सरकार के चार साल पूरे होने पर सीएम एंग्लो बंगाली में आयोजित सूचना विभाग व अन्य विभागों की प्रदर्शनी का लोकार्पण यूपी के मंत्री व जनपद प्रभारी आशुतोष टण्डन ने किया। इस दौरान उन्होंने योगी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। प्रदेश सरकार के 4 वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित सूचना विभाग द्वारा तैयार विकास पुस्तिका का भी उन्होंने विमोचन किया। कहा कि पिछले 4 वर्ष में प्रदेश में तेजी से विकास कार्य हुआ है और अपराध के क्षेत्र में भारी कमी आई है। उत्तर प्रदेश के नगर विकास, शहरी समग्र विकास नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन विभाग एवं जनपद के प्रभारी मंत्री आशुतोष टण्डन 'गोपाल जी' ने अपने संबोधन में कहा कि अपराध के क्षेत्र में भारी कमी आई है, वर्ष 2016 की तुलना में अब डकैती में 68.33 फीसदी, लूट की घटनाओं में 66.34 फीसदी, हत्या के मामलों में 24.59 फीसदी, अपहरण के मामलों में 51.92 फीसदी तथा बलात्कार के मामलों में 33.7 फीसदी की कमी आई है। 

योगी सरकार ने पहली कैबिनेट में 86 लाख किसानों को 36 हजार करोड़ रुपए ऋण माफी योजना में लाभ दिया। 27134 करोड़ रुपए किसान सम्मान निधि में किसानों के खाते में सीधे भेजा गया। 66 हजार करोड़ रुपए एमएसपी के माध्यम से खरीदें गए फसलों की धनराशि किसानों को भुगतान की गई। प्रदेश में निराश्रित गोवंश की समस्या थी, जिसे योगी सरकार ने 5.5 लाख निराश्रित गोवंश सरकार के आश्रय स्थलों में भेजे गए। गन्ना किसानों को 1.25 लाख करोड़ रुपए भुगतान किया गया। बेरोजगार नवयुवकों को 4 लाख सरकारी नौकरी दी गई। 50 लाख से अधिक नई एसएमएसई इकाइयों को 2 लाख 13 हजार करोड़ रुपए से अधिक का ऋण उपलब्ध कराकर 1.8 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार दिया गया। ओडीओपी में 25 लाख से अधिक लोगों को रोजगार दिया गया। बड़ी औद्योगिक इकाइयों में 3 लाख से अधिक लोगों को रोजगार दिया गया। स्टार्टअप में 5 लाख युवाओं को रोजगार दिया गया। बिजली उपलब्धता बढ़ी। अब जिला मुख्यालयों पर 22 से 24 घंटे, तहसीलो पर 20 से 22 घंटा तथा गांवों में 16 से 18 घंटा विद्युत आपूर्ति हो रही है। 1.38 करोड़ निशुल्क बिजली कनेक्शन दिए गए। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बेहतर कोरोना प्रबंधन पूरे विश्व में सराहा गया। कोरोना कॉल में प्रदेश में 674 कोरोना डेडिकेटेड हॉस्पिटल बने, 242 टेस्टिंग लैब बनी, 3 करोड़ से अधिक कोरोना जाँच करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला प्रदेश बना।काशी में विकास के रिकॉर्ड कार्य हुए। जो धरातल पर दिखाई देते हैं। आज काशी घूमने आने वाले आश्चर्यचकित होते हैं। काशी अपनी प्राचीन स्वरूप व आध्यात्मिकता को अक्षुण्ण रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर दिख रहा है। 


उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार धरातल पर आवश्यकता के अनुरूप तेजी से विकास कार्य कर रही है। स्वयं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के समस्त 75 जिलों में कई बार जाकर कार्यों की समीक्षा की है। आमजन ने 4 वर्ष के सुखद परिवर्तन देखे हैं। आगे और भी तीव्र गति से विकास होगा। उत्तर प्रदेश को देश का नंबर एक प्रदेश बनाएंगे।


 इस अवसर पर भाजपा काशी प्रांत के अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, प्रदेश भाजपा कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, नगर आयुक्त गौरांग राठी, मुख्य विकास अधिकारी मधुसूदन हुलगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शासकीय योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थी सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।