सड़को पर महिलाएं: महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन कर बोली अब तो रहम करो सरकार, बिगाड़ दिया जायका..!

सड़को पर महिलाएं: महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन कर बोली अब तो रहम करो सरकार, बिगाड़ दिया जायका..!

वाराणसी, भदैनी मिरर। बढ़ती महंगाई को लेकर अब महिलाओं ने भी विरोध शुरु कर दिया है। शुक्रवार की दोपहर सिगरा स्थित शहीद उद्यान के समीप वाराणसी महिला व्यापार मंडल के बैनर तले महिलाएं सड़क पर उतर कर महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन कीं। सभी का एकस्वर में कहना था कि सरकार अब तो कुछ रहम करो और हम गृहणियों को भी चैन से जीने दो। बढ़ती महंगाई से जायका खराब हो चुका है, गृहस्थी का सारा सामान महंगा होता जा रहा है।


वाराणसी महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी ने कहा कि रोजमर्रा की जरूरत की चीजों के दाम में आग लगी हुई है। इसकी सबसे बड़ी वजह है पेट्रोल और डीजल के दाम में जो रोजाना बढ़ोतरी की जा रही है। घर का राशन, सब्जियां, रसोई गैस से लेकर रोजाना के काम में आने वाला ऐसा कोई सामान नहीं है जिसके दाम में बेतहाशा वृद्धि न हुई हो। ऐसे में आम आदमी अपना घर कैसे चलाए। सबसे बड़ी दिक्कत तो हम महिलाओं को हो रही है, पूरे घर का बजट गड़बड़ा जा रहा है। हमने वोट देकर सरकार इसलिए नहीं बनाई थी कि हमें घर चलाना मुश्किल हो जाए।

वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने कहा कि नेता और मंत्री आम आदमी के बारे में सोचें। डेढ़ साल से कोरोना के कारण वैसे भी आम आदमी की हालत पस्त है। व्यापार चौपट हो गया है और लोगों का रोजगार छिन गया है। पेट्रोल-डीजल के रोजाना बढ़ते दाम की वजह से ट्रांसपोर्टेशन महंगा हुआ है और सभी चीजों का दाम बढ़ा है। महामारी के इस दौर में यह स्थिति ठीक नहीं है।

उपाध्यक्ष स्वाती गुप्ता ने कहा कि हम देश के प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में रहते हैं। पूरी उम्मीद है कि हमारी पीड़ा उन तक और प्रदेश के मुखिया तक पहुंचेगी। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से अनुरोध है कि वह बेतहाशा बढ़ रही महंगाई को कम करने के लिए ठोस व सार्थक कदम उठाएं।