महंगाई के खिलाफ सुभासपा का धरना: बोले ओपी राजभर फूटेगा बीजेपी के झूठ का घड़ा, छह महीने बाद होंगे सत्ता से बेदखल, आखिर कौन खुश है इस सरकार से..?

महंगाई के खिलाफ सुभासपा का धरना: बोले ओपी राजभर फूटेगा बीजेपी के झूठ का घड़ा, छह महीने बाद होंगे सत्ता से बेदखल, आखिर कौन खुश है इस सरकार से..?


वाराणसी, भदैनी मिरर। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों के हित और स्कॉलरशिप के मुद्दे को लेकर सुभासपा (सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर अपने कार्यकर्ताओं संग वाराणसी के वरुणा तट शास्त्री घाट पर धरना दिया। इस दौरान उन्होंने जमकर बीजेपी के खिलाफ शब्दबाण चलाये। कहा कि बीजेपी ने केवल जनता को छलने का काम किया है, वादाखिलाफी कर युवाओं को धोखा दी है। चुनावी वायदे से मुकरने वाली सरकार अब राज्य के युवाओं की भावनाओं से खेल रही है। बेरोजगारों की छाती पर पैर अंगद जैसा रख दिया है। मनरेगा मजदूर काम और दाम के लिये सड़क पर है। बेरोजगारों की संख्या प्रतिदिन लाखो में बढ़ती जा रही है। 

डिग्री लेकर भटक रहे युवा, रोजगार नदारद


ओपी राजभर ने कहा कि बच्चे डिग्री लेकर घूम रहे है, उन्हें रोजगार नहीं मिल रहा। दावें बड़े-बड़े किए जा रहे है, लेकिन हकीकत यह है की अब सरकार युवाओं को खुदखुशी करने पर मजबूर कर रही है। कोरोना के नाम पर प्रदेश में लूट मची है। सरकार तीसरी लहर का डर दिखा रही है, लेकिन प्रदेश में वैक्सीन की कमी है, जनता भटक रही है। 


पाप का घड़ा फोड़कर करेंगे सत्ता से बेदखल 


ओपी राजभर यही नहीं रुके उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुंडई, अराजकता चरम पर है। महिलाओं पर अत्याचार बढ़ते जा रहे है। प्रदेश धृतराष्ट्र का राज्य कायम हो रहा है, चुनाव में सबने देखा महिला प्रत्यशी का चीरहरण किया गया। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस के साथ ही रसोई घरों में इस्तेमाल होने वाले समान के दाम आसमान छू रहे है। मध्यम और गरीब वर्ग महंगाई की मार झेल रहा है, प्रदेश में आखिर खुश कौन है? दावा किया कि छह महीने के बाद भागीदारी संकल्प मोर्चा इनके पाप के घडे को फोड़कर सत्ता से बेदखल करेगी। 


भाजपा के अलावा सबका स्वागत

एक सवाल के जबाब में सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी राजभर ने कहा कि हमारी लड़ाई महंगाई, बेरोजगारी और पिछड़ों को प्रताड़ित करने वाली सरकार से है। बीजेपी के अलावा भागीदारी संकल्प मोर्चा में सबका स्वागत है। भागीदारी संकल्प मोर्चा दस पार्टियों को साथ लेकर तैयारी कर रही है, हम विस चुनाव में सबक सिखाएंगे और आरपार की लड़ाई लड़ेंगे। इस सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे। 


यह रही पांच सूत्रीय मांग पत्र 


पेट्रोल डीजल के दाम 50 रुपये के नीचे किया जाए।


बिजली बिल 300 यूनिट तक फ्री 300 से 500 तक 3.5 रुपया किया जाए।


किसानों को बिजली 5 हार्स पावर तक फ्री किया जाए।


लाल कार्ड धारकों को 1रुपये किलो सभी खाद्य समान दिया जाए।


छोटे दुकानदारों को बिना ब्याज के एक लाख तक लोन दिया जाए। किसानों को 6000 सलाना से बढ़ाकर 12000 किया जाए।

धरने में मुख्य रूप से कैलाश सोनकर विधायक, शशिप्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष रमेश राजभर, राजेश यादव, नित्यानंद पांडेय, विनोद सिंह, सुनील पटेल, डॉ बलिराज राजभर, जिलाध्यक्ष गणेश चौहान, छेदी यादव, राजू मौर्य, छप्पन राजभर, दसरथ राजभर , डॉ. बसंत राजभर आदि रहे।