10 अक्टूबर को प्रियंका करेंगी प्रतिज्ञा रैली: PM के संसदीय क्षेत्र से होगी चुनाव प्रचार की शुरुआत, 8 जनपदों को दी गई है जिम्मेदारी

10 अक्टूबर को प्रियंका करेंगी प्रतिज्ञा रैली: PM के संसदीय क्षेत्र से होगी चुनाव प्रचार की शुरुआत, 8 जनपदों को दी गई है जिम्मेदारी

वाराणसी,भदैनी मिरर। कांग्रेस (Congress) की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) के प्रस्तावित वाराणसी रैली के कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। अब वह 10 अक्टूबर को रोहनियां के जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान से प्रतिज्ञा रैली में शक्ति प्रदर्शन करेंगी। इसी के साथ वह उत्तर प्रदेश विस चुनाव प्रचार का आगाज कर देंगी। रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिलाध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों, सभी विभागों और प्रकोष्ठों को निर्देशित किया गया है। पार्टी पदाधिकारी वार्ड से लेकर बूथ स्तर की बैठकें शुरु कर दी है। 


जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेकेंगे

पूर्व विधायक अजय राय ने बताया कि  रैली को यादगार और सफल बनाने के लिए नेता तैयारियों में जुट गए है। सभी कार्यकर्ताओं में जोश फूंका जा रहा है। रैली को सफल बनाने के लिए  अधिक से अधिक सर्व समाज आम जनों की भागीदारी कराने का प्रयास है। इसके लिए वार्ड स्तर,शहर के पदाधिकारियों, वरिष्ट जन, एआईसीसी, पीसीसी सदस्यों, फ्रंटल संगठन सबकी जिम्मेवारी अलग-अलग तय की गई है। उन्होंने कहा कि इस जनविरोधी सरकार को बेनकाब करने के लिए काशी में रैली की जा रही है। बाबा विश्वनाथ की नगरी से प्रियंका गांधी आगामी विधानसभा चुनाव का शंखनाद करने जा रही है।

8 जनपदों में चल रही तैयारी

महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बताया की प्रियंका गांधी की रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के जोश भरपूर है। वह दिन रात मेहनत कर रहे है। रैली में 8 जनपदों को शामिल किया गया है। जिसमें वाराणसी के अलावा मऊ, आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया, जौनपुर, सोनभद्र, चंदौली और मिर्जापुर है। उन्होंने कहा कि सभी जिलों के पदाधिकारियों से भी लगातार संपर्क में हमारे नेतागण है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का दौरा भी जल्द से रैली की तैयारियों को लेकर शुरु होगा।