नाव हादसे में बचाई थी जान, रेडक्रॉस सोसाइटी ने किया नाविकों का सम्मान, DM बोले गंगा में डूबने से बचाई है कई जानें...

नाव हादसे में बचाई थी जान, रेडक्रॉस सोसाइटी ने किया नाविकों का सम्मान, DM बोले गंगा में डूबने से बचाई है कई जानें...

वाराणसी, भदैनी मिरर। भदैनी घाट के सामने गंगा नदी में नाव पलटने की हुई हृदयविदारक घटना में अपने हिम्मत से सात लोगों की जान बचाने वाले नाविकों को अपने कैंप कार्यालय पर डीएम ने रेडक्रॉस सोसाइटी के कार्यक्रम में सम्मानित किया। इस घटना के बाद देर रात डीएम कौशलराज शर्मा खुद मौके पर पहुंचे थे और स्थानीय गोताखोरों को मदद करने की अपील की थी, जिसके बाद स्थानीय नाविकों ने डूबे चार लोगों को निकाला था और अन्य 7 लोगों की जान बचाई थी। आयोजित सम्मान समारोह में डीएम ने गंगा नदी में डूबने से लोगों की जान बचाने वाले 10 नाविकों को अंगवस्त्रम पहना कर सम्मानित किया और रेडक्रॉस सोसाइटी की तरफ से प्रत्येक को रुपया 2000 की पुरस्कार राशि दी।

जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने सम्मान समारोह में उद्बोधन में कहा कि काशी में नाविक लोग अथक परिश्रम करते हुए पर्यटकों को सैर कराकर माँ गंगा की सेवा जैसा पुण्य कार्य तो करते ही हैं, वहीं गंगा नदी में नाव पलटने जैसी आपदा में अपनी जान की बाजी लगाकर डूबने वाले व्यक्तियों की प्राणरक्षा कर नाविकों ने अनुकरणीय मिसाल पेश किया है, जिसके लिए ये प्रशंसा के साथ ही सम्मान के हकदार हैं।


यह दस नाविक हुए सम्मानित


सभी दस नाविक मल्लाहों गिरधारी लाल, अनूप साहनी, विष्णु साहनी, संतोष साहनी, मोनू साहनी, नाटे साहनी, राजेन्द्र साहनी, संजू साहनी, सरोज साहनी व नाटे उर्फ श्यामसुंदर को रेडक्रॉस सोसाइटी की तरफ से प्रशस्ति पत्र भी दिया गया। कार्यक्रम का संचालन रेडक्रॉस सचिव डॉ संजय राय ने किया। सम्मान समारोह में पुरस्कृत होने वाले सभी 10 नाविकों सहित रेडक्रॉस सचिव डॉ संजय राय, विजय शाह, वेदमूर्ति शास्त्री व अन्य रेडक्रॉस सदस्य मौजूद थे ।