BJP महिला नेता की नसीहत: अंधेरा हो जाए तो थाने न जाये, अगले दिन पति या पिता के साथ जाए...

BJP महिला नेता की नसीहत: अंधेरा हो जाए तो थाने न जाये, अगले दिन पति या पिता के साथ जाए...
वाराणसी के बजरडीहा क्षेत्र में बाल्मीकि बस्ती में आयोजित सहभोज कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बेबी रानी मौर्य।

वाराणसी,भदैनी मिरर। विपक्ष के बाद अब खुद प्रदेश सरकार के महिला सुरक्षा के दावे पर भाजपा नेता ही सवाल खड़े करने लगे हैं। बजरडीहा क्षेत्र की बाल्मीकि बस्ती में आयोजित सहभोज कार्यक्रम में पहुंची भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बेबी रानी मौर्य ने महिलाओं को नसीहत दी है कि अंधेरा होने के बाद वह थाने न जाएं। अगर जरूरी हो तो अगले दिन सुबह थाने जाएं और पति, पिता या भाई उनके साथ रहें। उन्होंने कहा कि थानों पर महिला अधिकारी बैठती जरूर हैं, लेकिन फिर भी अंधेरा होने के बाद महिलाएं थाने न जाएं। 

उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने बहुत काम किया है। इस वजह से महिलाओं की स्थिति में अब उत्तर प्रदेश में बदलाव दिखता है। प्रदेश सरकार ने समाज के सभी वर्गों के लिए लगातार काम किया है और काम कर रही है। इसी वजह से विपक्षी दलों के पास सरकार को घेरने के लिए ठोस मुद्दों का अभाव है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में खाद का संकट नहीं है, अधिकारी गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने अपनी बात के समर्थन में आगरा का उदाहरण भी दिया। बताया कि एक किसान ने उन्हें खाद के लिए फोन किया। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारी को फोन किया तो उन्होंने कहा कि किसान को खाद मिल जाएगी। हालांकि उस अधिकारी ने बाद में किसान को खाद देने से मना कर दिया। इस तरह से अफसर आम आदमी को गुमराह करते हैं। अगर इस तरह की कहीं भी दिक्कत किसी किसान को हो तो वह सीधे जिलाधिकारी से शिकायत करें। इसके बाद भी बात न बने तो मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री को पत्र भेज कर समस्या से अवगत कराएं। समस्या का समाधान हर हाल में होगा। प्रदेश सरकार किसानों की छोटी से छोटी समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और इसके अनेकों उदाहरण लोगों ने देखे है।