सपा प्रदेश अध्यक्ष बोले- बड़ी पार्टियों से नहीं करेंगे गठबंधन, किसी की नहीं हुई आय दुगुनी, सपा इन मुद्दों पर लड़ेगी चुनाव

सपा प्रदेश अध्यक्ष बोले- बड़ी पार्टियों से नहीं करेंगे गठबंधन, किसी की नहीं हुई आय दुगुनी, सपा इन मुद्दों पर लड़ेगी चुनाव

वाराणसी,भदैनी मिरर। सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने मंगलवार को बनारस में जमकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था ध्वस्त है। हम 351 सीटों पर भ्रष्टाचार, महंगाई,  कानून व्यवस्था,  किसानों की फसल की लूट, मजदूरों को मजदूरी ना देना, विद्यार्थियों के साथ नाइंसाफी को मुद्दा बनाकर यूपी चुनाव लड़ेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सीएम योगी ने सदन में कहा था कि 4 वर्षों में उन्होंने प्रति व्यक्ति आमदनी बढ़ा दी है लेकिन यह प्रति व्यक्ति आमदनी कहां  बढ़ी है। यह सवाल हम सीएम योगी जी से पूछना चाहते हैं?

सीएम जहां-जहा प्रचार किए पार्टी हारी


नरेश उत्तम पटेल ने कहा की जहां-जहां चुनाव प्रचार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गए, वहां भाजपा हारी है। चाहे बंगाल हो या बिहार। राजस्थान, दिल्ली, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश में भाजपा चुनाव हारी है। सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा ने भरपूर धनबल का इस्तेमाल किया। इससे जनता में बेचैनी है। पंचायत चुनाव में सपा के प्रति जनता का रुझान दिखा है। 


छोटी पार्टियों से करेंगे गठबंधन


प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना के नाम पर लूट मची है। भाजपा राजनीतिक लाभ लेने के लिए गुंडा एक्ट में संशोधन विधेयक ला रही है। ऐसे में जो लोग धरना प्रदर्शन कर रहे हैं उनके ऊपर गुंडा एक्ट लगा दिया जा रहा है। पहले गुंडा एक्ट का प्रस्ताव पुलिस बनाकर डीएम के पास भेजती थी। इसमें गुण दोष के आधार डीएम निर्णय लेते थे। अब डीएम का रोल समाप्त करने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि हम गठबंधन किसी भी बड़ी पार्टी से नहीं करेंगे, जो छोटी पार्टियां राष्ट्रीय अध्यक्ष के सिद्धांतों पर चलेंगी हम उनके साथ गठबंधन करेंगे।