सारनाथ मिनी जू में बढ़ाई गई सतर्कता, जानवरों के खान-पान पर विशेष ध्यान, इस समय मौजूद है यह जानवर...

सारनाथ मिनी जू में बढ़ाई गई सतर्कता, जानवरों के खान-पान पर विशेष ध्यान, इस समय मौजूद है यह जानवर...

वाराणसी/भदैनी मिरर। पूरे विश्व में तेजी से अपने पांव पसार रही कोरोना महामारी अब इंसानों के साथ-साथ जानवर भी आने लगे हैं। अभी कुछ ही दिन पूर्व हैदराबाद के जूलॉजिकल पार्क में 08 एशियाई प्रजाति के शेरों में कोरोना संक्रमण फैलने की खबरे सामने आई हैं। जिसके बाद यूपी के सभी चिड़ियाघरों में निगरानी बढ़ा दी गई है। जिसके तहत वाराणसी के सारनाथ स्थित मिनी जू में भी अलर्ट घोषित कर दिया गया है। मिनी जू में वन्य जीवों के हरकत पर नजर रखने के साथ उनके खाने पीने की चीजों को भी सेनिटाइज करके दिया जा रहा है।

इसके साथ ही पूरे परिसर को लगातार सेनेटाइज किया जा रहा है। वन्य जीवों के निगरानी के लिए 10 से 12 कर्मियों को अलर्ट पर रखा गया है। जीवों की हरकत में कोई भी बदलाव होने पर मल और लार के जांच के आदेश दिए गए है।

वहीं वन क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार उपाध्याय ने बताया कि टिकट काउंटर बंद होने से उसके भी कर्मचारी वन्य जीवों के खानपान का विशेष ध्यान देने में लगे हैं। मांसाहारी और शाकाहारी वन्यजीवों के भोजन को सबसे पहले लाल दवा (पोटैशियम परमैगनेट) को गरम पानी में मिलाकर धोया जाता है। इसके बाद ही उन्हें खाने के लिए दिया जाता है। मगमच्छ, घड़ियाल व मांसाहारी पक्षियों को उबालकर मछली और मांस दिया जा रहा है। साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पूरे परिषर को निरंतर सेनिटाइज किया जा रहा। इनके स्वास्थ्य परीक्षण समय समय पर चिरईगांव पशु चिकित्साधिकारी से कराया जाता है।

बता दें कि मिनी जू में वर्तमान समय मे पांच काले हिरन, 125 चीतल, तीन मगरमच्छ, दो घड़ियाल 10 साही, चार इमो पक्षी, सारस सहित कई रंग बिरंगी गौरैया प्रजाति की पक्षी और बकाउ तोता मौजूद हैं।