पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य का 80 वर्ष की उम्र में निधन, लंबे समय से थे बीमार

पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य का गुरुवार की सुबह 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। भट्टाचार्य के बेटे सुचेतन भट्टाचार्य ने उनके निधन की पुष्टि की.

पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य का 80 वर्ष की उम्र में निधन, लंबे समय से थे बीमार

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य का गुरुवार की सुबह 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। भट्टाचार्य के बेटे सुचेतन भट्टाचार्य ने उनके निधन की पुष्टि की. उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे पश्चिम बंगाल में शोक की लहर दौड़ गई. बुद्धदेव भट्टाचार्य 2000 से 2011 तक पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री थे. उनका निधन उनके पाम एवेन्यू स्थित आवास पर हुआ.

बुद्धदेव भट्टाचार्य लंबे समय से बीमार थे. उन्हें सांस लेने में दिक्कत थी, जिसकी वजह से उन्हें जुलाई में अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था. वह काफी समय से सीओपीडी (क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज) और बुढ़ापे से जुड़ी अन्य बीमारियों से पीड़ित थे.  उनका कोलकाता में उनके घर पर ही इलाज चल रहा था.

बुधवार शाम से उनकी तबीयत खराब थी और गुरुवार की सुबह उनकी स्थिति और बिगड़ गई. सांस लेने में तकलीफ बढ़ने पर नेबुलाइजर का उपयोग किया गया, लेकिन उनकी तबियत में कोई सुधार नहीं हुआ. गुरुवार की सुबह करीब 8.20 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली.

बुद्धदेव भट्टाचार्य का जन्म 1 मार्च 1944 को उत्तरी कोलकाता में हुआ था। वे कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) के पोलितब्यूरो के सदस्य भी रह चुके थे और पश्चिम बंगाल के 34 साल के वाम मोर्चा शासन के दूसरे और अंतिम मुख्यमंत्री के रूप में मौजूद रहे.