चांद की पूजा करके सुहागिनों ने मांगी पति के सलामती की दुआ, शहर में रही रौनक...

हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास की चतुर्थी तिथि को पड़ने वाले करवा चौथ के अवसर पर गुरुवार को सुहागिनों ने अपने पति की दीर्घायु और परिवार की सुख समृद्धि के लिए निर्जला व्रत रखा।

चांद की पूजा करके सुहागिनों ने मांगी पति के सलामती की दुआ, शहर में रही रौनक...
करवाचौथ पर चांद का दीदार करती महिलाएं।

वाराणसी,भदैनी मिरर। हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास की चतुर्थी तिथि को पड़ने वाले करवा चौथ के अवसर पर गुरुवार को सुहागिनों ने अपने पति की दीर्घायु और परिवार की सुख समृद्धि के लिए निर्जला व्रत रखा। मान्यता है कि इस व्रत को करने से सुहागिन स्त्रियों को अखंड सौभाग्य की प्राप्ति होती है। इसी मान्यता के अनुसार सूर्योदय से पहले व्रती महिलाओं ने सरगी का सेवन करने के बाद व्रत का आरंभ किया।  इसके बाद पूरे दिन निर्जला रहकर शाम को सभी ने सोलह श्रृंगार कर भगवान शिव, माता पार्वती,  भगवान गणेश और चंद्रमा की पूजा की। इसके बाद मंदिरों में दर्शन करने के साथ घर-परिवार के बड़े-बुजुर्गों से आर्शीवाद प्राप्त किया। करवा चौथ को लेकर घर-घर में उल्लास और खुशियों का वातावरण रहा। घर-परिवार की महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजन कर व्रत का पारण किया।

करवा चौथ की पूजा करती मिस इंडिया प्रज्ञा पांडेय।

लुकाछिपी के बाद चंद्र देव ने दिया दर्शन

नव विवाहिताओं ने सोलह श्रृंगार कर पूजन किया। शाम ढलते ही महिलाएं छत व आंगन से चांद का दीदार करने को आतुर दिखीं। वहीं बादलों के बीच लुकाछिपी करते चंद्रदेव सवा आठ बजे दर्शन दिए। पूजा की थाल लेकर छत पर खड़ी महिलाओं ने विधि विधान से पूजन अर्चन कर पति की दीर्घायु को कामना की। इसके बाद चलनी की ओट से पति को निहारा। उनके लंबी उम्र की कामना की। इसके बाद पति के हाथों जल पीकर व्रत तोड़ा। 

करवाचौथ की पूजा करती समाजसेवी स्वप्निल 

इस तरह किया पूजन

परंपरा और लोक रिवाज के अनुसार करवा चौथ पर महिलाओं ने चंद्रोदय के दौरान घरों की छतों पर मिट्टी से बने करवे में जलपूर्ण कर चन्द्रमा को अर्ध दिया और विविध पूजन सामग्रियों से पूजन कर अखंड सुहाग की कामना की। महिलाओं ने भगवान गणेश, शिव, पार्वती का पूजन किया। घर, परिवार और मोहल्ले की महिलाओं के साथ करवा चौथ की कथा को सुना। चांद पूजन के दौरान महिलाओं ने चलनी में दीपक रख अपने पति के चेहरे को देखा और चौथा माता से अपने अखंड सुहाग की कामना की।   

शहर में रही रौनक

करवा चौथ पर शहर में विशेष रौनक रही। फल, मिठाइयां, सुहाग सामग्री, साड़ियों, सोना-चांदी के आभूषण,उपहार आदि की दुकानों पर भीड़ रही। करवा चौथ व्रत पर पतियों ने अपनी पत्नियों के लिए आभूषण, साड़ियां, विभिन्न प्रकार के उपहार खरीदे। वहीं करवा चौथ पूजन के लिए पूजन सामग्री और मिट्टी के बर्तनों की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ रही। इसके साथ ही ब्यूटी पार्लर में महिलाओं की भीड़ दिखी।