देश के 75वें जन्मदिन पर हर घर तिरंगा लहराकर प्रेरणा ले: जिलाधिकारी

जिलाधिकारी वाराणसी कौशलराज शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस पर कैंप कार्यालय के अलावा कलेक्ट्रेट परिसर में झंडा फहराया.

देश के 75वें जन्मदिन पर हर घर तिरंगा लहराकर प्रेरणा ले: जिलाधिकारी

वाराणसी, भदैनी मिरर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने कैम्प कार्यालय तथा कलेक्ट्रेट में झंडारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज 130 करोड़ देश के लोगों का और देश का जन्म दिवस है। ये धरती हम सब की मां है और हम सब इसकी संतान हैं। यह जन्मदिन हम सबको जीवन भर याद रहेगा। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल पूरे होने पर हमें यह चिंतन करने की जरूरत है, कि हमने अब तक अपने देश के लिए क्या किया। आजादी का अमृत महोत्सव मनाने का उद्देश्य यही है कि हर भारतीय के दिल में  अपने देश के प्रति सद्भाव और समर्पण की भावना पैदा करें और देश की प्रगति में अपना सहयोग दें। बनारस के लोगों और सरकारी कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि 8-9 लाख झंडे घर-घर पहुंचाना कोई छोटी मोटी बात नहीं है, बहुत बड़ा काम है। हर घर तिरंगा व आजादी का अमृत महोत्सव के द्वारा झंडा वितरण से लेकर, मैराथन दौड़, कला प्रतियोगिता, रंगोली, संगोष्ठी व अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये। 

जिससे देश के प्रत्येक व्यक्ति में देश भक्ति की भावना जागृत हो सके। ये केवल सरकारी लोगों का कार्यक्रम नहीं है। देश का जन्मदिन मनाना हर घर की जिम्मेदारी है। जिससे हर व्यक्ति देश से जुड़ें, देश की भावना से जुड़ें।  उन्होंने देश की आजादी में बनारस के टाउनहाल, दशाश्वमेध, लहुराबीर जैसे कई स्थलों की क्रांतिकारी गतिविधियों की ओर भी इशारा किया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी कर्मचारी सहित अन्य लोग भी शामिल रहे। इससे पूर्व जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने कैम्प कार्यालय पर झंडारोहण किया तथा कैम्प कार्यालय परिसर में विधिवत पूजा अर्चना करने के पश्चात् पीपल, बरगद और पाकड़ का पौधा लगाकर धरती के ऋण को स्मरणीय रखने का संदेश दिया। 

वहीं केन्द्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान सारनाथ द्वारा सुबह प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। उसके बाद संस्थान के छात्रों द्वारा परेड  किया गया। उसके बाद  संस्थान के कुलपति प्रो.गेशे नवांग समतेन ने ध्वजारोहण किया।