आधे घंटे तक आसमान में घूमता रहा विमान, रांची से डायवर्ट होकर पहुंचा था बनारस...

मौसम खराब की वजह से पुणे इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रियों को लेकर रांची पहुंचे इंडिगो एयरलाइंस के विमान को आधे घंटे तक  आसमान में चक्कर काटना पड़ा। विमान को लैंडिंग की इजाजत नहीं मिली।

आधे घंटे तक आसमान में घूमता रहा विमान, रांची से डायवर्ट होकर पहुंचा था बनारस...

वाराणसी,भदैनी मिरर। गुरुवार को मौसम खराब की वजह से पुणे इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रियों को लेकर रांची पहुंचे इंडिगो एयरलाइंस के विमान को आधे घंटे तक  आसमान में चक्कर काटना पड़ा। विमान को लैंडिंग की इजाजत नहीं मिली। बाद में उसे डायवर्ट कर वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशल एयरपोर्ट भेज दिया गया। डेढ़ घंटे बाद रांची में मौसम ठीक होने पर विमान ने रांची के लिए दोबारा उड़ान भरी।

बता दें कि इंडिगो एयरलाइंस का विमान 6E6952 गुरुवार की सुबह 5:25 बजे पुणे इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरा था। विमान सुबह 7:20 बजे रांची हवाई क्षेत्र में पहुंच गया था, लेकिन वहां का मौसम खराब था।

इसके चलते विमान हवा में ही चक्कर काटता रहा। मौसम में सुधार न होने के कारण और ईंधन खत्म होने की स्थिति में 7:50 बजे एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) द्वारा विमान को वाराणसी एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया।

रांची एयरपोर्ट से डायवर्ट किए जाने के बाद 8:20 बजे विमान लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशल एयरपोर्ट वाराणसी पर लैंड किया। रांची में मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद 9:50 बजे विमान ने दोबारा उड़ान भरी।

वहीं वाराणसी एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि रांची में मौसम खराब होने के कारण विमान को डायवर्ट किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि इंडिगो एयरलाइंस का एक अन्य विमान 6E7561 भी कोलकाता से रांची पहुंच गया था। मौसम खराब होने के कारण उसे भी रांची से वापस कोलकाता लौटा दिया गया।