छतत्तीसढ़ के बीजापुर के कुटरू मार्ग पर नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के वाहन को निशाना बनाते हुए आईईडी विस्फोट किया। इस हमले में सात जवान शहीद हो गए हैं, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, और घायल जवानों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है। विस्फोट इतना भीषण था कि वाहन के टुकड़े-टुकड़े हो गए, लेकिन वाहन में कुल कितने जवान सवार थे, इस बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं है।



सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबल नक्सल विरोधी अभियान से लौट रहे थे, जब कुटरू मार्ग पर नक्सलियों ने घात लगाकर यह हमला किया। छत्तीसगढ़ में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ बढ़ते अभियानों से नक्सली बौखलाए हुए हैं और उन्होंने इस हमले को अंजाम दिया। बस्तर आईजीपी सुंदर राज पी. ने सात जवानों के शहीद होने की पुष्टि की है।


इस हमले में आठ जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें एयरलिफ्ट कर बस्तर ले जाया जाएगा, और वहां से रायपुर भेजने की तैयारी चल रही है।




यह हमला पंखाजूर में नक्सल ऑपरेशन के बाद हुआ, जहां सुरक्षाबलों ने रविवार को पांच नक्सलियों को मार गिराया था। ऑपरेशन से लौटते वक्त नक्सलियों ने अचानक आईईडी विस्फोट कर जवानों को निशाना बनाया। फिलहाल, घटनास्थल पर बचाव कार्य तेज किया गया है, और घायलों को जल्द से जल्द चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।


