उत्तर प्रदेश में सर्दी का कहर बढ़ता जा रहा है। कई इलाकों में शीतलहर और घने कोहरे के कारण भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजधानी लखनऊ समेत बुंदेलखंड, पूर्वांचल और प्रयागराज मंडल में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। हालांकि, IMD ने अगले चार दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना से इनकार किया है।


कोहरे और बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 9 जनवरी तक उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरा छाया रहेगा। 11 जनवरी तक हल्की बारिश के भी आसार हैं। इस दौरान ठंडी हवाएं लगभग 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है। साथ ही, पश्चिमी विक्षोभ को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।


57 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के 57 जिलों में शीत दिवस (कोल्ड डे) का अलर्ट जारी किया है।
गुरुवार को शीत दिवस की संभावना वाले जिले:



- प्रयागराज मंडल: प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी।
- वाराणसी मंडल: वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, जौनपुर।
- आजमगढ़ मंडल: आजमगढ़, गाजीपुर, मऊ, बलिया।
- गोरखपुर मंडल: गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, देवरिया, संत कबीरनगर।
- अन्य जिलों में बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, अमेठी, रायबरेली, अयोध्या, मथुरा, कन्नौज, इटावा, आगरा, बरेली, शाहजहांपुर, हमीरपुर और जालौन शामिल हैं।
नया पश्चिमी विक्षोभ लाएगा हल्की बारिश
10 से 12 जनवरी के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में बदलाव लाएगा। इसके परिणामस्वरूप दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, इस बदलाव से तापमान में खास गिरावट की उम्मीद नहीं है।



मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कम अंतर होने के कारण शीत दिवस की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि, बारिश से धुंध में थोड़ी कमी आ सकती है।
