वाराणसी: लंका पुलिस ने सामने घाट मैदान से एक लुटेरी दुल्हन समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो अविवाहित युवकों को शादी के नाम पर धोखा देकर उनसे पैसे हड़पने का काम करते थे।



पीड़ित घनश्याम, निवासी पर्वबतसर (राजस्थान) ने थाना लंका में शिकायत दर्ज कराई कि उनके मित्र सुमेर सिंह ने उन्हें एक लड़की से शादी के लिए कहा था। घनश्याम ने सुमेर की बात पर विश्वास करते हुए वाराणसी आकर लड़की से मिलने का निर्णय लिया। शादी के बाद लड़की विदाई के समय स्टेशन पहुंची, लेकिन फिर वह अपने कथित भाई के साथ भाग गई और घनश्याम से एक लाख सत्रह हजार रुपये ठगने का आरोप लगाया। पुलिस की जांच में यह पता चला कि आरोपियों का एक संगठित गिरोह है, जो इस तरह के धोखाधड़ी के मामलों को अंजाम देता था।



पूछताछ में यह भी सामने आया कि सुमेर सिंह और उसके साथी अविवाहित लड़कों को शादी के जाल में फंसाते थे, उन्हें नकली रिश्तेदारों से मिलवाते थे और फिर शादी के बाद स्टेशन पर लड़की को बहाने से भगाकर पैसे हड़प लेते थे। प्राप्त रकम को वे आपस में बांट लेते थे।



गिरफ्तार अभियुक्तों में सुमेर सिंह (राजस्थान), अनील (कौशाम्बी), प्रसन कुमार (राजस्थान), विभा (बिहार), शोभा देवी (वाराणसी) और आसिया (वाराणसी) शामिल हैं। इनके पास से 4900 रुपये नगद, 6 मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं।



गिरफ्तारी में लंका थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र, उप निरीक्षक अपराजित सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल दिव्यम त्रिपाठी और अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



