पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में युवाओं ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प; 'नशा मुक्त युवा–विकसित भारत' कार्यक्रम संपन्न
माई भारत (वाराणसी) के तत्वावधान में आयोजित 'युवा कनेक्ट कार्यक्रम' में विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति किया गया प्रेरित
वाराणसी (भदैनी मिरर)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के 'माई भारत' (MY Bharat) वाराणसी के तत्वावधान में पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” राष्ट्रीय संकल्प समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इसके साथ ही कॉलेज परिसर में “युवा कनेक्ट कार्यक्रम” भी आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को युवा शक्ति, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा।


नशा समाज और परिवार को करता है प्रभावित : प्राचार्य
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज के प्राचार्य विशेष्वर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने छात्रों का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने साथियों व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने युवाओं को अनुशासन, सकारात्मक सोच और शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने की प्रेरणा दी।

युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति: विकास कुमार सिंह
माई भारत के उपनिदेशक विकास कुमार सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवा देश की रीढ़ हैं और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी ऊर्जा को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों में नष्ट करने के बजाय रचनात्मक और सकारात्मक कार्यों में लगाएं।

वहीं, विद्यालय के उपप्राचार्य ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला और उन्हें एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने व अपनी क्षमता का सही दिशा में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
पूर्व छात्र एवं युवा आइकॉन ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में कॉलेज के पूर्व छात्र और युवा आइकॉन सृजन चतुर्वेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने छात्र जीवन की पुरानी यादों को ताजा करते हुए विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने छात्रों को अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहकर निरंतर प्रयास करने की सीख दी। साथ ही, उन्होंने एक प्रभावी प्रेजेंटेशन के माध्यम से भारत सरकार द्वारा युवाओं के हित में चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
छात्रों ने ली नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जीवन में कभी नशा न करने तथा एक जिम्मेदार व जागरूक नागरिक बनने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का सफल और प्रभावी मंच संचालन विद्यालय के शिक्षक तिवारी द्वारा किया गया, जिनकी कुशल शैली ने पूरे आयोजन को व्यवस्थित और प्रभावशाली बनाया। इस अवसर पर माई भारत के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक विकास चौरसिया, विद्यालय के सम्मानित शिक्षकगण, स्वयंसेवक अनिल कनौजिया समेत कई अन्य
गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
