नेहरू जी पर टिप्पणी का विरोध: काशी में भड़का युवा कांग्रेस का गुस्सा
वाराणसी में महानगर युवा कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन: चंचल शर्मा बोले- संसद सदस्यता हो रद्द; काशी आने पर पुरजोर विरोध की चेतावनी।
वाराणसी (भदैनी मिरर): देश के प्रथम प्रधानमंत्री और भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद निशिकांत दुबे द्वारा की गई विवादित टिप्पणी को लेकर वाराणसी में राजनीतिक पारा चढ़ गया है। शनिवार को महानगर युवा कांग्रेस के तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सांसद और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।


प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सांसद निशिकांत दुबे की तस्वीर को प्रतीकात्मक रूप से गटर में डालकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन युवा कांग्रेस कार्यकर्ता अपने रुख पर डटे रहे।

संसद सदस्यता रद्द हो, सत्ता का संरक्षण बंद करे BJP: चंचल शर्मा
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा ने भाजपा नेतृत्व और सांसद निशिकांत दुबे पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मांग की कि अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने के कारण निशिकांत दुबे की संसद सदस्यता तत्काल समाप्त की जानी चाहिए।

चंचल शर्मा ने कहा:
"आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखने वाले पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना देश के स्वतंत्रता संग्राम और करोड़ों देशवासियों का अपमान है। भाजपा सांसद लगातार गांधी परिवार और विपक्ष के खिलाफ स्तरहीन बयानबाजी कर रहे हैं। भाजपा की खामोशी से स्पष्ट है कि ऐसे नेताओं को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है।"
उन्होंने आगे कहा कि यदि निशिकांत दुबे बिना देश से सार्वजनिक माफी मांगे काशी की पवित्र धरती पर कदम रखते हैं, तो उनका पुरजोर विरोध किया जाएगा।
नफरत और अभद्रता की राजनीति बर्दाश्त नहीं: नरसिम्हा यादव
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद प्रदेश सह प्रभारी नरसिम्हा यादव ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वीकार्य हैं, लेकिन देश के महान जननायकों का अपमान किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आज गटर में फोटो डालकर यह संदेश दिया गया है कि समाज में अभद्र और अशोभनीय राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं है।
प्रदर्शन में ये पदाधिकारी रहे मौजूद
इस उग्र विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदेश सह प्रभारी नरसिम्हा यादव और महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा के अलावा अनुपम राय, ओम शुक्ला, धीरज सोनकर, विनीत चौबे, मो. जीशान, अश्वनी यादव, उत्कर्ष पांडेय, आशुतोष श्रीवास्तव, सुजान ख़ान, सूरज यादव, जमाल अहमद, सिद्धार्थ केशरी, और सोनू तिवारी समेत कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे।
