मिर्जामुराद में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, शव कमरे में मिला; परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप
चार दिन ससुराल में रहने के बाद लौटा था युवक, पत्नी से चल रहा था विवाद; पुलिस ने फॉरेंसिक जांच शुरू की
मिर्जामुराद, भदैनी मिरर। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भेड़हा गांव में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 25 वर्षीय युवक का शव उसके ही कमरे में बेड पर संदिग्ध हालत में मिला। मृतक की पहचान प्रदूम कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए।


परिजनों के अनुसार प्रदूम कुमार बुधवार की देर रात करीब चार दिन बाद अपने ससुराल से घर लौटा था। गुरुवार सुबह जब उसके पिता श्याम लाल ने कमरे का दरवाजा खोला, तो बेटा बेड पर मृत अवस्था में पड़ा मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन रो-बिलखने लगे।

पारिवारिक विवाद का आरोप
मृतक के परिजनों ने बताया कि प्रदूम कुमार की शादी मई 2025 में भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र अंतर्गत जरामपुर गांव में हुई थी। शादी के बाद से ही उसका अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा था। लगभग एक महीने पहले उसकी पत्नी मायके चली गई थी।
परिजनों का आरोप है कि चार दिन पहले प्रदूम कुमार अपनी पत्नी की विदाई के बहाने ससुराल गया था, जहां से वह गहने और शादी में मिली गाड़ी लेकर लौटा। आरोप है कि इसी दौरान ससुराल पक्ष ने उसे जहर खिला दिया, जिससे उसकी मौत हुई।

पुलिस व फॉरेंसिक टीम की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का गहन निरीक्षण कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
बता दें, मृतक प्रदूम कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह चार भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। इस दुखद घटना से उसकी मां केवला देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस परिजनों के आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की बात कह रही है।
