इंस्टाग्राम पर रील बनाने से मना किया भाई तो रेलवे ट्रैक पर लेटी युवती, महिला SI ने बचाई जान
सारनाथ के आशापुर रेलवे क्रॉसिंग की घटना; सामने से आ रही थी ट्रेन, महिला चौकी प्रभारी ने ट्रैक से खींचकर बचाई 18 वर्षीय युवती की जान।
वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत आशापुर रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर एक 18 वर्षीय युवती आत्महत्या की नियत से रेलवे ट्रैक पर लेट गई। गनीमत रही कि सूचना मिलते ही आशापुर चौकी प्रभारी महिला दरोगा दीक्षा पाण्डेय बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचीं और अपनी जान की परवाह किए बिना युवती को खींचकर ट्रैक से सुरक्षित बाहर निकाला।


ऐन वक्त पर हुई इस कार्रवाई के दौरान दूसरी तरफ से ट्रेन भी गुजर रही थी। महिला अधिकारी की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
सोशल मीडिया चलाने को लेकर हुई थी अनबन
घटना के बाद पुलिस युवती को तत्काल आशापुर पुलिस चौकी ले आई, जहां उसे पानी पिलाया गया और शांत कराकर काउंसलिंग की गई।
पूछताछ में युवती ने अपना नाम पिंकी (18 वर्ष) बताया, जो मूल रूप से बिहार के पटना की रहने वाली है और वर्तमान में आशापुर क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर रहती है। युवती ने बताया कि उसका भाई उसे सोशल मीडिया अकाउंट इस्तेमाल करने से मना करता है। बीती रात भी इसी बात को लेकर भाई ने उसे काफी डांटा था, जिससे आहत होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाने का फैसला किया था।

काउंसलिंग के बाद परिजनों के सुपुर्द
चौकी प्रभारी दीक्षा पाण्डेय और पुलिस टीम ने युवती को जीवन का महत्व समझाया और उसकी उचित काउंसलिंग की। अपनी गलती का अहसास होने पर युवती ने पुलिस के समक्ष भविष्य में कभी ऐसा कदम न उठाने का भरोसा दिया। इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों को सूचित कर सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया।


स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने महिला दरोगा दीक्षा पाण्डेय की बहादुरी और त्वरित निर्णय क्षमता की जमकर सराहना की है।
