मिर्जामुराद में दर्दनाक हादसा: बीमारी से तंग महिला ने वंदे भारत ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
भिखारीपुर रेलवे लाइन पर दोपहर में हुई घटना, 55 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत, पुलिस ने भेजा शव पोस्टमार्टम के लिए
रिपोर्ट - दीपक गुप्ता
मिर्जामुराद (वाराणसी)। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव के समीप सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 55 वर्षीय महिला ने बीमारी से तंग आकर वाराणसी से दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। हादसा इतना भयावह था कि महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


मृतक महिला की पहचान सरोहरा देवी (55) पत्नी स्व. लालमन ऑपरेटर, निवासी चंदापुर (राजातालाब) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय महिला रेलवे ट्रैक के पास पहुंची और तेज रफ्तार ट्रेन के सामने कूद गई। ट्रेन की गति अत्यधिक होने के कारण महिला का शरीर दो हिस्सों में बंट गया और शव के अंग करीब 50 मीटर दूर तक जा गिरे।

घटना की सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रेलवे ट्रैक पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
परिजनों ने बताया कि सरोहरा देवी लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं। इसके साथ ही उनका मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं चल रहा था, जिससे वह काफी तनाव में रहती थीं। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक और शारीरिक पीड़ा के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।

बताया गया कि मृतका के पति लालमन ऑपरेटर, जो ट्यूबवेल मशीन से जुड़े एक सरकारी कर्मचारी थे, का कई वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। इसके बाद उन्हें पति की पेंशन मिल रही थी। परिवार में उनका एक विवाहित पुत्र और पांच पुत्रियां हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घर में मातम छा गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
