वाराणसी में मौसम का यू-टर्न, अप्रैल में लौटी फरवरी वाली सिहरन
बादलों की लुका-छिपी और बारिश ने बदला मिजाज
वाराणसी,भदैनी मिरर। काशी में अप्रैल की तपती गर्मी की जगह अचानक सिहरन ने दस्तक दे दी है। बुधवार को तड़के हुई हल्की बारिश और ठंडी हवाओं ने दो महीने पुराने मौसम की याद दिला दी। आलम यह रहा कि दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 9.4 डिग्री नीचे गिरकर 29.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। अचानक आए इस बदलाव से सैलानियों के चेहरे खिल उठे और घाटों पर मौसम का लुत्फ उठाते पर्यटकों की भारी भीड़ देखी गई।


आंकड़ों में मौसम: सामान्य से काफी ठंडा रहा बुधवार
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को बनारस का पारा अधिकतम तापमान 29.2°C सामान्य से 9.4° नीचे रहा। वहीँ न्यूनतम तापमान 20.8°C जो सामान्य के बराबर दर्ज किया गया। वहीँ हवा की रफ्तार भी 20 किमी/घंटा की गति से चली।

क्यों बदला मौसम का मिजाज?
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और उत्तर-पश्चिम से मणिपुर तक बनी 'द्रोणी' (Trough line) के कारण आया है। जेट स्ट्रीम के प्रभाव ने बादलों की आवाजाही को और तेज कर दिया, जिससे धूप धुंधली और कमजोर नजर आई।

अगले 48 घंटे कैसा रहेगा मौसम? (Weather Alert)
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी जारी की है कि अभी राहत के साथ-साथ सावधानी की भी जरूरत है:
* 10 और 11 अप्रैल: बिजली की चमक के साथ फिर से बारिश होने के आसार हैं।
* पारे में उछाल: 10 अप्रैल के बाद मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा और तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
