वाराणसी: गोपी राधा बालिका इंटर कॉलेज में पौधों से सजी धरती, 'पृथ्वी दिवस' पर 400 से अधिक पौधों की प्रदर्शनी
ग्रीन ईको मूवमेंट के संचालक डॉ. रमेश कुमार भाटिया ने किया प्रदर्शनी का उद्घाटन
वाराणसी,
रवींद्रपुरी स्थित गोपी राधा बालिका इण्टर कॉलेज में बुधवार को 'पृथ्वी दिवस' के अवसर पर प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए भव्य पौध प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया और धरती को हरा-भरा रखने का संकल्प लिया गया।


400 से अधिक पौधों की किस्मों ने मोहा मन
प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रसिद्ध होम्योपैथी चिकित्सक एवं ग्रीन ईको मूवमेंट सोसायटी के संचालक डॉ. रमेश कुमार भाटिया ने किया। उन्होंने छात्राओं द्वारा तैयार किए गए पौधों और उनकी प्रकृति के प्रति अटूट लगन की मुक्त कंठ से सराहना की। प्रदर्शनी में 400 से अधिक प्रजातियों के पौधों को प्रदर्शित किया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में वाराणसी संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जितेंद्र धर द्विवेदी ने वैदिक मंत्रों के साथ धरती माता की आराधना की और प्रकृति के महत्व पर प्रकाश डाला।
UP बोर्ड की पहली कंप्यूटर साइंस पुस्तक का विमोचन
इस अवसर पर शिक्षा जगत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी सामने आई। विद्यालय के कंप्यूटर एवं आईटी एजुकेशन समन्वयक शेष नारायण केसरवानी द्वारा लिखित पुस्तक 'कंप्यूटर साइंस' का विमोचन किया गया। विशेष बात यह है कि यह यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट सिलेबस पर आधारित उत्तर प्रदेश की पहली अधिकृत पुस्तक है, जो छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।

शिक्षाविदों ने साझा किए विचार
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार शाह और निदेशिका डॉ. शालिनी शाह ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन उप प्रबंधक डॉ. अभिनव भट्ट ने किया, जबकि प्रधानाचार्या नीति जायसवाल ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस मौके पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी स्मृति साह, समन्वयक रत्नेश गोविंद और प्रशासनिक सलाहकार सुभाष सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने पृथ्वी दिवस की प्रासंगिकता पर अपने विचार व्यक्त किए।
