मंदिर परिसर की जमीन पर अतिक्रमण का प्रयास, शिव मंदिर से सटाकर दरवाजा और रास्ता खोलने पर भड़के ग्रामीण
आवास विकास कॉलोनी में शिव मंदिर से सटाकर रास्ता निकालने का विरोध, पुजारी और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से निरीक्षण कर काम रोकने की मांग की।
भदैनी मिरर (डिजिटल डेस्क)
वाराणसी के दौलतपुर (उसरा) स्थित आवास विकास कॉलोनी में स्थित प्रसिद्ध चौरा माता मंदिर और उससे सटे शिव मंदिर परिसर को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों और मंदिर के पुजारी ने आरोप लगाया है कि मंदिर से सटे मकान मालिकों द्वारा मनमाने ढंग से मंदिर की तरफ खिड़कियां, दरवाजे और रास्ता निकाला जा रहा है, जिससे मंदिर की पवित्रता और व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

मंदिर से सटाकर खिड़की-दरवाजे खोलने का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवास विकास कॉलोनी स्थित मंदिर से सटे मकान मालिकों द्वारा शिव मंदिर के ठीक सामने और परिसर की भूमि की ओर दरवाजे और खिड़कियां खोली जा रही हैं। इसके साथ ही मंदिर परिसर की भूमि से आम रास्ता निकालने की कोशिश की जा रही है।

पुजारी और ग्रामीणों में गहरा रोष
स्थानीय ग्रामीणों और मंदिर के पुजारी का कहना है कि धार्मिक स्थल के ठीक सामने इस तरह बिना अनुमति के रास्ता निकालने और दरवाजे-खिड़कियां खोलने से मंदिर की व्यवस्था में बाधा उत्पन्न हो रही है। पूजा-पाठ के दौरान आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इस कृत्य को लेकर पूरे गांव व कॉलोनी समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

प्रशासन से निरीक्षण और निर्माण कार्य रोकने की मांग
मामले को बढ़ता देख स्थानीय निवासियों और मंदिर प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को शिकायती पत्र सौंपकर मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि मौके का भौतिक निरीक्षण (Inspection) कराया जाए और मंदिर की मर्यादा व भूमि की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किए जा रहे अनधिकृत निर्माण व रास्ता खोलने के कार्य पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।
