Varanasi: युवक ने फंदे से लटककर दी जान, छुट्टी पर आया एचएएल कर्मी रहता था गुमसुम
दो दिन पहले बालकनी से कूदने का किया था प्रयास, एक सप्ताह पहले छुट्टी पर आया था घर, पुलिस ने मोबाइल और लैपटॉप कब्जे में लिया
Oct 28, 2025, 10:46 IST
WhatsApp
Group
Join Now
वाराणसी, भदैनी मिरर। आदमपुर थाना क्षेत्र के नवापुरा हनुमान फाटक निवासी अजय यादव (25 वर्ष), जो हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल), प्रयागराज में कंप्यूटर ऑपरेटर सेक्शन में कार्यरत थे, ने रविवार देर रात अपने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
सोमवार सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो उसके मौसेरे भाई प्रदीप यादव ने दरवाजा खोला। अंदर का नजारा देख वह चीख पड़ा — अजय पंखे की कुंडी से रस्सी के सहारे लटक रहा था। सूचना पाकर मौके पर आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा पुलिस टीम के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।


दो दिन पहले भी किया था आत्महत्या का प्रयास
परिजनों ने बताया कि अजय एक सप्ताह पहले छुट्टी पर घर आया था। दो दिन पहले उसने बालकनी से कूदकर जान देने की कोशिश की थी, लेकिन परिवार ने किसी तरह समझा-बुझाकर उसे रोक लिया।
पुलिस के मुताबिक, अजय पिछले कुछ दिनों से गुमसुम और तनावग्रस्त था। उसके माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और वह अपनी मौसी के साथ रहता था।

मोबाइल और लैपटॉप जब्त, जांच जारी
पुलिस ने अजय के कमरे से उसका मोबाइल और लैपटॉप कब्जे में लिया है।
थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मोबाइल में कोई संदिग्ध संदेश नहीं पाया गया, जबकि लैपटॉप सिक्योरिटी लॉक से सुरक्षित है, जिसे विशेषज्ञों की मदद से खोला जा रहा है।

पुलिस फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
