Varanasi: चोलापुर में घर में घुसकर युवक की पिटाई, दहशत फैलाने के लिए की हवाई फायरिंग; एक आरोपी गिरफ्तार
आधा दर्जन युवकों ने बोला धावा, प्रशिक्षु IPS मानसी दहिया ने बताया प्रेम प्रसंग का मामला
वाराणसी: जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हथियार कला गांव में रविवार को दबंगों ने जमकर तांडव मचाया। पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग के मामले को लेकर आधा दर्जन युवकों ने पिस्टू यादव के घर पर धावा बोल दिया और उनके पुत्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। ग्रामीणों को जुटता देख हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।


घर में घुसकर अरविंद यादव को पीटा
जानकारी के अनुसार, रविवार को करीब आधा दर्जन युवक असलहों के साथ पिस्टू यादव के घर पहुंचे। घर में घुसते ही उन्होंने उनके पुत्र अरविंद यादव को निशाना बनाया और उसे बुरी तरह पीटने लगे। अरविंद की चीख-पुकार सुनकर जब ग्रामीण मौके पर इकट्ठा होने लगे, तो खुद को घिरता देख हमलावरों ने असलहा निकाल लिया और हवाई फायरिंग शुरू कर दी।

साहसी ग्रामीणों ने एक हमलावर को दबोचा
फायरिंग के बावजूद ग्रामीणों ने साहस का परिचय दिया और भाग रहे हमलावरों में से एक युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से दो खाली कारतूस (खोखे) बरामद किए हैं, जो हवाई फायरिंग की पुष्टि करते हैं।

आर्केस्ट्रा विवाद और प्रेम प्रसंग की रंजिश
मामले की जानकारी देते हुए प्रशिक्षु आईपीएस (IPS) मानसी दहिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह घटना प्रेम प्रसंग से जुड़ी प्रतीत हो रही है। पुलिस के अनुसार, करीब चार दिन पूर्व एक आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसी विवाद का बदला लेने के लिए आरोपियों ने रविवार को इस घटना को अंजाम दिया।
दो नामजद समेत आधा दर्जन पर मुकदमा
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद और आधा दर्जन अज्ञात युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है और फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
