वाराणसी: महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने सुनीं फरियादें, जिला जेल में बंदियों को सिखाया आत्मनिर्भरता का पाठ
सर्किट हाउस में 35 मामलों की जनसुनवाई, जेल की महिला बैरकों में बांटे फल और खिलौने; अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश।
वाराणसी (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने गुरुवार को वाराणसी दौरे के दौरान महिलाओं के अधिकारों और उनकी सुरक्षा को लेकर कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने जहाँ एक ओर जिला कारागार का निरीक्षण कर महिला बंदियों का हाल जाना, वहीं सर्किट हाउस में जनसुनवाई कर पीड़ित महिलाओं की समस्याओं का मौके पर निस्तारण कराया।


जिला जेल में बांटे फल और खिलौने
आज सुबह राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने चौकाघाट स्थित जिला कारागार का सघन निरीक्षण किया। महिला बैरक में जाकर उन्होंने महिला बंदियों और उनके साथ रह रहे बच्चों का कुशलक्षेम पूछा। इस दौरान उन्होंने बंदियों को फल, मिष्ठान और बच्चों को खिलौने वितरित किए।

उन्होंने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि महिला बंदियों के पुनर्वास के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण (Skill Development) कार्यक्रम चलाए जाएं। उन्होंने बंदियों को प्रेरित करते हुए कहा, "महिलाएं अपनी आय स्वयं सुरक्षित रखें और आत्मनिर्भर बनकर समाज की मुख्यधारा में लौटें।"

जनसुनवाई: भूमि विवाद के मामलों की रही भरमार
जेल निरीक्षण के बाद सर्किट हाउस सभागार में महिला जनसुनवाई का आयोजन हुआ। जनसुनवाई में कुल 35 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 गंभीर मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। प्राप्त आवेदनों में सबसे अधिक मामले जमीन विवाद से जुड़े थे। इसके अलावा महिला उत्पीड़न, नौकरी के नाम पर ठगी और मकान पर अवैध कब्जे की शिकायतें भी आईं। सदस्य ने संबंधित अधिकारियों को दो टूक कहा कि महिलाओं से जुड़े प्रकरणों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए गीता विश्वकर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने 08 मई को कौशल विकास मिशन के तहत विशेष 'जागरूकता चौपाल' लगाने के भी निर्देश दिए। कार्यक्रम के अंत में पुलिस विभाग द्वारा साइबर अपराध से सुरक्षा हेतु पुस्तिकाओं का वितरण किया गया।
बैठक में इनकी रही मौजूदगी:
इस अवसर पर एसीएम प्रथम शिवानी सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध) नम्रता श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम अधिकारी डी.के. सिंह सहित स्वास्थ्य, समाज कल्याण और महिला कल्याण विभाग के तमाम अधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

